सोशल मीडिया पर इन दिनों हॉस्पिटल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर बैठी एक लड़की का वीडियो काफी वायरल हो रहा था। वह कोरोना से पीड़ित थी और ‘लव यू जिंदगी’ गाने पर झूमती नजर आ रही थी। इस वीडियो से लोगों को प्रेरणा मिली कि इतने कठिन समय में भी हमें अपने अंदर की हिम्मत को खोने नहीं देना चाहिए, लेकिन दुख की बात यह है कि मौत ने इस लड़की की जीने की उम्मीद छीन ली। वह कोरोना से जंग हार कर दुनिया से जा चुकी है।


इस लड़की का वीडियो 8 मई को ट्वटिर पर डॉ. मोनिका लांगेह ने शेयर किया था। उनके अनुसार लड़की को हॉस्पिटल में आईसीयू बेड नहीं मिल पाया था, इसलिए उसे कोविड इमरजेंसी वार्ड में एडमिट किया गया था। डॉक्टर ने ये भी बताया किलड़की को एनआईवी (नॉन इनवेसिव वेंटिलेशन) पर रखा गया था। लड़की की जिंदगी बचाने के लिए रेमडेसिवीर और प्लाज्मा थेरेपी भी दी गई थी।

ट्विटर पर डॉ. मोनिका ने लिखा, ‘यह लड़की मात्र 30 साल की है। कोरोना संक्रमित इस लड़की कोआईसीयू बेड नहीं मिल सका। हालत को संभालने के लिए इस लड़की को कोविड इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। पिछले 10 दिनों से वो यहाँ भर्ती है और उसने सीख दी है कि जिंदगी में हालात कैसे भी हों, उम्मीद मत खोना।'

जब वीडियो वायरल हुआ था तब डॉक्टरों ने बताया था कि लड़की की हालत में सुधार हो रहा है और उसे डिस्चार्ज करने पर भी विचार किया जा रहा था, लेकिन अचानक उसकी तबीयत फिर से बिगड़ने लगी और इस बार डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए।

Related News