देहरादून: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में भूस्खलन का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है. धारचूला में देर शाम तवाघाट लिपुलेख मार्ग पर नजंग के पास पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक सड़क पर गिर गया. गनीमत यह रही कि इस भूस्खलन से किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई। भूस्खलन का वीडियो एक राहगीर ने बनाया था और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वही भूस्खलन के चलते तवाघाट लिपुलेख हाईवे को पूरी तरह से यातायात के लिए बंद कर दिया गया है. सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों सहित 40 यात्री बूंदी में फंस गए हैं. कहा जा रहा है कि इस सड़क को गुरुवार को खोल दिया गया था, लेकिन भूस्खलन के कारण यातायात फिर ठप हो गया है. अभी दो दिन पहले लगातार बारिश के चलते केदारनाथ हाईवे पर भूस्खलन हुआ था। गनीमत रही कि वहां से गुजर रहे वाहन पहाड़ी के मलबे के नीचे नहीं आए। बारिश के कारण चारधाम यात्रा भी प्रभावित हो रही है।


बुधवार शाम केदारनाथ हाईवे पर फाटा के पास पहाड़ी से जोरदार भूस्खलन हुआ। इसी दौरान पहाड़ी से हाईवे पर कई टन मलबा और बोल्डर गिरे। गनीमत रही कि पहाड़ी से मलबा गिरता देख वाहन चालक रुक गए। हालांकि, एक यात्री बस को कुछ नुकसान हुआ। बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ और केदारनाथ हाईवे पर विभिन्न स्थानों पर यातायात बाधित हो रहा है. लोगों को घंटों जाम में रहना पड़ रहा है। पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

Related News