इंटरनेट डेस्क| शशांक खेतान द्वारा निर्देशित जान्ह्वी कपूर और ईशान खट्टर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'धड़क' शुक्रवार को रिलीज़ हुई। रिलीज़ होने के पहले ही दिन फिल्म ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया। यह फिल्म मुख्य भूमिका में नए कलाकारों के साथ पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म ने पहले दिन 8.71 करोड़ की कमाई कर के 'स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर' फिल्म का 8 करोड़ कमाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

काफी इंतज़ार के बाद जान्ह्वी कपूर और ईशान खट्टर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म शुक्रवार को रिलीज़ हुई। फिल्म को पहले दिन दर्शकों से मिश्रित प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। जान्ह्वी ने पृथ्वी के किरदार में दर्शकों को प्रभावित किया वहीं ईशान भी मधुर के रोल में दर्शकों को पसंद आये। इस तरह से जान्ह्वी का डेब्यू हालिया समय का सबसे अच्छा डेब्यू माना जा रहा है।

बॉलीवुड की दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी और निर्माता बोनी कपूर की बेटी जान्ह्वी ने इस फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू किया। हालाँकि बॉलीवुड में डेब्यू करने से पहले जान्ह्वी एक मैगज़ीन के कवर पर नजर आई थी और इसके बाद से ही लोगों ने जान्ह्वी की तुलना श्रीदेवी से करना शुरू कर दी जिनको भारत की पहली महिला सुपरस्टार माना जाता है।

धड़क मराठी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सैराट' का हिंदी रीमेक है जिसका निर्देशन नागराज मंजुले ने किया था। इस फिल्म के मुख्य किरदार निभाने वाले दोनों कलाकार रिंकू राजगुरु और आकाश थोसर को दर्शकों ने बहुत पसंद किया था और इसी वजह से धड़क फिल्म को लेकर जान्ह्वी से बहुत उम्मीदें की जा रही थी जो कि काफी हद तक प्रभावित करने में सफल भी रही है। हालाँकि पहली फिल्म रिलीज़ से पहले जान्ह्वी को 'नेपोटिस्म' को लेकर भी काफी ट्रोल किया गया था लेकिन जान्ह्वी ने इन सभी को काफी अच्छे से संभाला है।

अगर कुछ दूसरी बॉलीवुड अभिनेत्रियों की बात करें तो 2008 में ॐ शांति ॐ फिल्म से डेब्यू करने वाली दीपिका पादुकोण और 2008 में रब ने बना दी जोड़ी से डेब्यू करने वाली अनुष्का शर्मा की शुरुआत अच्छी रही थी। हालाँकि इनके अलावा कई अन्य अभिनेत्रियां जैसे जैकलीन फर्नांडिस (अलादीन), श्रद्धा कपूर (तीन पत्ती), ज़रीन खान (वीर), एमी जेक्सन (एक दीवाना था) कियारा अडवाणी (फगली), अथिया शेट्टी (हीरो) और डेज़ी शाह (जय हो) अभी तक दर्शकों को प्रभावित करने में सफल नहीं रही है।

Related News