अमेरिकी और चीन के बाद भारत में सबसे ज्यादा संख्या में अरबपति हैं। प्रतिष्ठित फोर्ब्स मैग्जीन की एक नई लिस्ट में ऐसा कहा गया है। इस मैग्जीन की रिपोर्ट के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने चीन के जैक मा को पीछे छोड़ दिया है, जो एक साल पहले एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए थे। Adani Group के चेयरमैन और भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडाणी दुनियाभर के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में 24वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी कुल संपत्ति 50.5 बिलियन डॉलर आंकी गई है।

बेजोस की बादशाहत कायम

फोर्ब्स की 35वीं वार्षिक लिस्ट में Amazon के सीईओ जेफ बेजोस एक बार फिर पहले स्थान पर रहे हैं। फोर्ब्स ने लगातार चौथी बार बेजोस को विश्व का सबसे रईस व्यक्ति घोषित किया है। बेजोस की कुल संपत्ति 177 बिलियन डॉलर आंकी गई है। यह पिछले साल के मुकाबले 64 बिलियन डॉलर की वृद्धि को दिखाता है। फोर्ब्स के मुताबिक Amazon के शेयरों में तेजी की बदौलत बेजोस की संपत्ति में यह बढ़ोत्तरी देखने को मिली है।

मस्क की संपत्ति में भारी इजाफा

SpaceX के फाउंडर एलन मस्क (Elon Musk) को दुनिया के सबसे बड़े धनकुबेरों की सूची में दूसरा स्थान मिला है। मस्क की कुल संपत्ति 151 बिलियन डॉलर आंकी गई है। मस्क की संपत्ति में पिछले एक साल में 126.4 बिलियन डॉलर की जबरदस्त बढ़ोत्तरी दर्ज कई गई। पिछले साल इस सूची में उन्हें 31वां स्थान मिला था।

वैश्विक धनकुबेरों की लिस्ट में मुकेश अंबानी 10वें स्थान पर हैं। वह एशिया के सबसे अमीर शख्स हैं। उनकी कुल संपत्ति 84.5 बिलियन डॉलर आंकी गई है।

वहीं, पिछले साल एशिया के सबसे अमीर शख्स रहे चीन के जैक मा 26वें स्थान पर खिसक गए हैं। उनकी संपत्ति में करीब 10 बिलियन डॉलर की बढ़ोत्तरी के बावजूद वह वैश्विक रैंकिंग में फिसल गए हैं।

ये भारतीय भी हैं काफी रईस

वैक्सीन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी Serum Institute of India के फाउंडर और पूनावाला ग्रुप के चेयरमैन साइरस पूनावाला को फोर्ब्स की इस हालिया लिस्ट में 169वां स्थान मिला है। उनके पास कुल 12.7 बिलियन डॉलर की प्रोपर्टी है। भारतीय धनकुबेरों की सूची में वह सातवें स्थान पर हैं।

Related News