जब से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 मेगा नीलामी में युजवेंद्र चहल को साइन किया है, तब से फ्रैंचाइज़ी और खिलाड़ी के बीच का तमाशा नॉन-स्टॉप चल रहा है। हाल ही में राजस्थान रॉयल्स ने एक ट्वीट किया, जिससे फैंस के कान खड़े हो गए। उसने युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal IPL 2022) की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- मिलिए नए कप्तान युजवेंद्र चहल से...। अचानक हुए इस ट्वीट से लोग हैरत में आ गए। किसी को भरोसा नहीं हो रहा था कि संजू सैमसन (Sanju Samson IPL 2022) की जगह चहल को कप्तान बनाया है। लोग तब इस मामले को समझ गए, जब सैमसन की बधाई पर टीम के ऑफिशल अकाउंट से मौज लिया गया।

टीम ने इसके बाद कई ट्वीट करते हुए युजवेंद्र चहल की मौज ली। एक ट्वीट करते हुए फ्रेंचाइजी ने लिखा- अगर इस ट्वीट को 10 हजार बार रीट्वीट किए गए तो चहल को जोस बटलर 'अंकल' के साथ ओपनिंग का मौका मिलेगा।

फ्रेंचाइजी ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें युजवेंद्र चहल गेंद फेंकते हैं और गेंद धरती से सीधे चांद पर पहुंच जाती है। इससे पहले फ्रेंचाइजी ने होटल में एंट्री मारते हुए चहल का वीडियो शेयर किया था।

इस पर चहल ने लिखा था- यह अकाउंट अब हैक कर लूंगा मैं...। उनके इस कमेंट पर काफी लोगों ने प्रतिक्रिया दी थी । युवजेंद्र चहल भी सोशल मीडिया पर अपने साथी प्लेयर्स की मॉर्फ्ड तस्वीर शेयर करके मजे लेते रहते हैं। इस बार टीम के सोशल मीडिया हेंडल करने वाली टीम ने पूरी तैयारी के साथ उनके मजे ले लिए हैं।

Related News