आपको बता दें कि राजस्थान रॉयल्स के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज संजू सैमसन ने आईपीएल के 12वें सीजन का पहला शतक जड़ दिया है। संजू सैमसन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उसी घर में खेलते हुए 55 गेंदों पर 102 रनों की तूफानी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के लगाए। सैमसन ने अपनी हाफ सेंचुरी 34 गेंदों पर पूरी की थी। इसके बाद अगली 20 गेंदों पर उन्होंने अगले 50 रन बनाए। सैमसन की बदौलत राजस्थान ने आखिरी 30 गेंद में 76 रन बनाए।

आईपीएल करियर में संजू सैमसन का यह दूसरा शतक है। इससे पहले संजू ने साल 2017 में अपना आईपीएल शतक बनाया था। साल 2017 में संजू सैमसन ने दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेलते हुए राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ 102 रनों की पारी खेली थी।बता दें कि राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नि​र्धारित 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 198 रन का स्कोर खड़ा किया। रॉयल्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 49 गेंदों पर 70 रन बनाए।

आइए जानें आईपीएल इतिहास के पांच सबसे तेज शतक


1- साल 2013 में बैंगलोर की ओर से खेलते हुए क्रिस गेल ने पुणे के खिलाफ महज 30 गेंदों पर शतक बनाए थे। इस मैच में गेल ने 66 गेंदों में कुल 175 रन बनाए थे।
2- युसूफ पठान ने साल 2010 में राजस्थान की ओर से खेलते हुए 37 गेंदों पर 100 रन बनाए थे। युसूफ पठान ने यह शतक मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाया था।
3- डेविड मिलर ने 2013 में पंजाब की ओर से खेलते हुए 38 गेंदों पर 101 रन बनाए थे। यह मुकाबला बेंगलुरू के खिलाफ खेला गया था।
4- एडम गिलक्रिस्ट ने डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते हुए 47 गेंदों पर कुल 109 रन बनाए थे, जिसमें 10 छक्के और नौ चौके शामिल थे।
5- एबी डिविलियर्स ने बैंगलोर की ओर से खेलते हुए 42 गेंदों पर शतक बनाए थे। उन्होंने 52 गेंदों पर नाबाद 129 रन बनाए थे। जिसमें 12 छक्के और 10 चौके शामिल थे।

Related News