जयपुर।डेनमार्क और इंग्लैंड ने विश्व कप फुटबाल क्वालीफाइंग मैचों में बड़ी जीत के साथ यूरोपीय ग्रुप चरण में अपने विजय अभियान की शुरूआत कर दी है।डेनमार्क ने ग्रुप-एफ में मोलदोवा को 4-0 से हराया। यह उसकी लगातार सातवीं ऐसी जीत है जिसमें उसके खिलाफ गोल नहीं हुआ है। वह अभी तक 26 गोल कर चुका है। डेनमार्क यदि मंगलवार को आस्टि्रया को हरा देता है तो वह विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर जाएगा। इंग्लैंड ने ग्रुप-आइ में एंडोरा को 5-0 से करारी शिकस्त दी। वह अब ग्रुप में दूसरे स्थान पर काबिज अल्बानिया से चार अंक आगे चल रहा है।

इंग्लैंड की तरफ से पहले हाफ में बेन चिलवेल और बुकायो साका और दूसरे हाफ में टैमी अब्राहम, जेम्स वार्ड-प्रूस और जैक ग्रीलिश ने गोल किए है।
स्काटलैंड, सर्बिया, स्वीडन, स्विट्जरलैंड और यूक्रेन ने भी अगले साल कतर में होने वाले टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए कम से कम प्लेआफ में स्थान सुनिश्चित करने की तरफ कदम बढ़ाया है। ग्रुप के अन्य मैचों में स्काटलैंड ने इस्त्राइल को संघर्षपूर्ण मैच में 3-2 से हराया जबकि आस्टि्रया ने फेरोइ आइलैंड पर 2-0 से जीत दर्ज की।

हंगरी ने जून में यूरोपीय चैंपियनशिप में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था लेकिन उसे बुडापेस्ट में अपने घरेलू मैदान पर अल्बानिया से 0-1 से हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी तरफ पोलैंड ने वारसा में सैन मैरिनो को 5-0 से शिकस्त दी है।
स्विट्जरलैंड ने ग्रुप-सी में उत्तरी आयरलैंड को 2-0 से पराजित किया जबकि सर्बिया ने ग्रुप-ए में लक्समबर्ग पर 1-0 से करीबी जीत दर्ज करते हुए सर्बिया ग्रुप में पुर्तगाल से एक अंक आगे शीर्ष पर पहुंच चुका है।

पुर्तगाल ने अभी तक एक मैच कम खेला है। ग्रुप के एक अन्य मैच में आयरलैंड ने अजरबेजान को 3-0 से पराजित किया। स्वीडन ने गुप-बी में कोसोवा को 3-0 से और यूनान ने जार्जिया को 2-0 से मात दी है। यूक्रेन भी फिनलैंड को 2-1 से हराकर ग्रुप-डी में फ्रांस के बाद दूसरे स्थान पहुंच चुका है।

Related News