कांग्रेस मुख्यालय में गुजरात के पार्टी प्रभारी रघु शर्मा, पार्टी मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने शुक्रवार को ही आप छोड़कर कांग्रेस में वापस लौटे वरिष्ठ नेता इंद्रनील राजगुरू के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस करते हुए आप नेतृत्व पर सियासी हमला बोला। गुजरात चुनाव की तारीखों के एलान के बाद कांग्रेस पार्टी ने भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच अंदरूनी सांठगांठ का आरोप लगाते हुए कहा कि आप के उम्मीदवारों के नाम प्रदेश भाजपा के दफ्तर तक हो रहे है । आम आदमी पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतार रही है जो भाजपा को फायदा पहुंचा सकते हैं।


आप नेतृत्व पर बोला सियासी हमला
राजगुरु ने कहा कि वह उन 15 आप नेताओं के लिए टिकट मांग रहे थे जिनके जीतने की संभावनाएं ज्यादा थी। लेकिन आप नेतृत्व ने जानबूझ कर रणनीति के तहत उनकी जगह ऐसे लोगों को उम्मीदवार बनाया है जो चुनाव में भाजपा को मदद पहुंचाएंगे। आप नेतृत्व के इस रुख के खिलाफ उन्होंने स्टैंड लिया क्योंकि वे कांग्रेस को नहीं बल्कि भाजपा को हराने के लिए आप में शामिल हुए थे। बकौल राजगुरू उनसे कहा गया 'जिद्दी मत बनो, सूची कमलम (गुजरात में भाजपा कार्यालय) से आती है। थोड़ा बहुत वो भी करना पड़ता है।'


AAP पर जनता को गुमराह करने का आरोप
आप जनता को गुमराह कर झूठ बोल रही है। राजगुरू ने आप पर गंभीर आरोप लगाते हुए यह भी दावा किया कि बीते एक अक्टूबर को आप के दोनों मुख्यमंत्री दिल्ली के अरविंद केजरीवाल और पंजाब के भगवंत मान चार्टर्ड विमान से एक साथ राजकोट आए तो उनके साथ विमान में नकदी का बैग भी लाया गया।


दिल्ली से पैसा गुजरात भेजने का आरोप
विमान मंत्रालय केंद्र के पास है और उसके सहयोग के बिना चार्टर्ड विमान में पैसे लेकर नहीं जाया जा सकता। वहीं पवन खेड़ा ने दावा किया कि आप के पेड वर्कर की परंपरा के लिए बड़े पैमाने पर दिल्ली और पंजाब से पैसे गुजरात भेजे जा रहे हैं और इसको लेकर आप और भाजपा के बीच जुगलबंदी है। उन्होंने अपने आप और भाजपा दोंनों को अपने आरोपों का जवाब देने की चुनौती दी।

Related News