आजकल यह खबर सुर्खियों में है कि राजस्थान के होने वाले उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने घोषित मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की जगह किसी दूसरे को सीएम बनने की बधाई दे दी। बता दें कि सचिन पायलट ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत की जगह एक युवा अशोक गहलोत को बधाई दे डाली।

यह बात सभी जानते हैं कि ट्विटर पर टैग करते वक्त मामूली सी चूक से मैसेज किसी अन्य व्यक्ति के पास पहुंच सकता है। कुछ ऐसा ही सचिन पायलट के साथ भी हुआ है। दरअसल सचिन पायलट ने अशोक गहलोत की जगह जोधपुर के रहने वाले एक युवा अशोक गहलोत को टैग कर दिया। सचिन ने घंटों बाद भी इस ट्वीट में कोई सुधार नहीं किया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत की जगह किसी दूसरे गहलोत को टैग किए जाने पर कई यूजर ने लिखा है- साहब, पहले अशोक जी को तो टैग करो, लगता है नाराज चल रहे हो। एक अन्य यूजर ने लिखा है कि सर जी, आपने ये कौन से गहलोत को टैग कर दिया, मुख्यमंत्री नहीं बनने का इतना भी क्या गम है।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हराने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए अशोक गहलोत और सचिन पायलट में लंबी रस्साकस्सी चली। आखिरकार कांग्रेस हाईकमान ने अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री के रूप में चुना। जब कि सचिन पायलट को उप मुख्यमंत्री पद दिया गया है।

Related News