कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी आज यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना पहला मेगा रोड शो कर रही हैं। ​रॉबर्ट वाड्रा ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बधाई देते हुए लिखा है-तुम एक सच्ची दोस्त, परफेक्ट वाइफ और मेरे बच्चों के लिए बेस्ट मां साबित हुई हो। आज के इस बुरे राजनीतिक माहौल में मुझे विश्वास है तुम अपनी जिम्मेदारी सही से निभाओगी। हम प्रियंका को देश के हवाले करते हैं, देश की जनता इनका ध्यान रखे।

बता दें कि पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान संभालने के बाद प्रियंका गांधी का यूपी में आज पहला रोड शो है। खबरों के मुताबिक, सपा और बसपा ने महागठबंधन को लेकर एक बार फिर से विचार करना शुरू कर दिया है। कहा जा रहा है कि सपा—बसपा ने कांग्रेस को 14 सीटों का ऑफर दिया है। जबकि कांग्रेस चाहती है कि महागठबंधन में कम से कम 30 सीटे मिले। आपको याद दिला दें कि मायावती और अखिलेश यादव ने सपा-बसपा गठबंधन के तहत 12 जनवरी को सीटों का ऐलान किया था।

इन दोनों पार्टियों ने लोकसभा चुनाव 2019 में यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से 38-38 पर चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। केवल रायबरेली और अमेठी की सीट कांग्रेस के लिए छोड़ी थी। इतना ही नहीं यह भी घोषणा की थी कि सपा—बसपा महागठबंधन में कांग्रेस को शामिल नहीं करेगी। शुरूआती दौर में सपा—बसपा को लग रहा था कि यूपी में कांग्रेस एक कमजोर खिलाड़ी के रूप में चुनाव लड़ेगी। लेकिन यूपी में प्रियंका की सियासी एंट्री से यूपी कांग्रेस में एक नया जोश उमड़ पड़ा है। सपा-बसपा के सामने गैर बीजेपी वोटों को बचाने की एक बड़ी चुनौती सामने होगी।

ऐसा लग रहा है सपा-बसपा ने कांग्रेस के गणित को समझते हुए कांग्रेस को 14 सीटें देकर 32-32 सीटों पर चुनाव लड़ने का मन बनाया है। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस इस प्रस्ताव को स्वीकार करती है अथवा नहीं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पहले ही यह बयान दे चुके हैं कि वह मायावती और अखिलेश यादव का सम्मान करते हैं। अगर सपा-बसपा के नेता उनसे संपर्क करते हैं तो कांग्रेस बातचीत के लिए तैयार है।

Related News