प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच अपने भाषण में कांग्रेस पर हर बार निशाना साधना नहीं भूलते हैं। लेकिन फरवरी 2018 में बजट सत्र के दौरान उन्होंने अपने भाषण में कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर सीधा हमला किया था। तो देर किस बात की, आईए पढ़ें पीएम मोदी के भाषण से जुड़े वे 10 मुख्य मुद्दे।

1- कांग्रेस पार्टी ने अपनी समस्त शक्ति एक ही परिवार की सेवा में लगा दी

पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा था कि लोकतंत्र कांग्रेस अथवा पंडित नेहरू की देन नहीं है। बल्कि वह तो हमारी रगों में, हमारी परंपरा में पहले से ही मौजूद है। कांग्रेस ने अपनी समस्त शक्ति केवल एक परिवार की सेवा करने में लगा दी।

2- चुनाव देखकर फैसले लेती है कांग्रेस पार्टी

पीएम मोदी ने कहा था कि कांग्रेस चुनाव देखकर फैसले लेती है। केवल चुनाव की जल्दबाजी में आंध्र प्रदेश को बांटा गया था। अटल बिहारी वाजपेयी एक दूरदर्शी नेता हैं, जिन्होंने उत्‍तराखंड, झारखंड और छत्‍तीसगढ़ का निर्माण किया।

3- कांग्रेस पार्टी कभी जमीन से नहीं जुड़ पाई

उन्होंने कहा कि हैदराबाद एयरपोर्ट पर राजीव गांधी ने कांग्रेस के एक दलित नेता का अपमान किया था। इसके बाद ही टीडीपी की स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष पद के लिए एक नौजवान पर्चा भरना चाहता था, लेकिन उसे ऐसा नहीं करने दिया गया। उनका इशारा राहुल गांधी के मुकाबले शहजाद पूनावाला की ओर था।

4- कश्‍मीर मुद्दे पर तीखा बयान

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यदि सरदार वल्‍लभभाई पटेल को देश का प्रधानमंत्री बनाया गया होता तो आज पूरा कश्मीर हमारा होता।

5- कांग्रेस पार्टी को कहीं रोजगार नहीं दिखता है

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 4 वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार दिए गए हैं। लेकिन कांग्रेस को कहीं भी रोजगार नहीं दिखता है।

6- विकास का श्रेय कांग्रेस पार्टी ने पिछली सरकारों को कभी नहीं दिया

उन्होंने कहा कि मैंने देश की प्रगति का श्रेय दूसरी सरकारों को भी दिया है। लेकिन लाल किले के प्राचीर से किसी भी कांग्रेस नेता ने ऐसा कभी नहीं कहा।

7- कांग्रेस 18वीं सदी में 21वीं सदी के सपने दिखाती रही

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस 18वीं सदी में 21वीं सदी के सपने दिखाती थी। लेकिन कांग्रेस सरकार एक विमानन नीति तक नहीं ला सकी। कांग्रेस आंखें बंद करके केवल अपना गीत गाना जानती है।

8- कीचड़ उछालो और भाग चलो की नीति

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस इन दिनों केवल कीचड़ उछालो और भाग चलो की नीति पर काम कर रही है। लेकिन जितना ही कीचड़ उछालोगे कमल उतना ही खिलेगा।

9- कांग्रेस सरकार में केवल कागजों पर दिखा काम

आजादी के बाद विकास की दौड़ में सभी देश आगे निकल गए। लेकिन कांग्रेस सरकार केवल कागजों पर अपना काम दिखाती रही।

10- कांग्रेस ने कभी कुछ बड़ा नहीं सोचा

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने कभी कुछ बड़ा नहीं सोचा, इसलिए इस पार्टी के नेता हमेशा सशंकित बने रहते हैं।

Related News