मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद से ही अलग अलग दलों के नेताओ ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर उन्हें भारत रत्न देने की मांग कर रहे हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष खान ने कहा, समाजवादी पार्टी के नेता के निधन पर पूरे देश में शोक है। मैं अनुरोध करता हूं कि उन्हें करोड़ों लोगों की भावनाओं के सम्मान में भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। खान ने प्रधानमंत्री को भी पत्र लिखकर मुलायम सिंह यादव को भारत रत्न देने की मांग की है।

मुलायम ने ओबीसी, पिछड़े वर्ग के लिए किया काम
नसीम खान ने अपने पत्र में लिखा कि मुलायम सिंह यादव ने हमेशा ओबीसी से लेकर पिछड़े वर्ग के लिए काम किया, संघर्ष किया और उत्तर प्रदेश के लोगों की सेवा की इसलिए उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न दिया जाना चाहिए। वहीं, अब महाराष्ट्र कांग्रेस नेता मोहम्मद आरिफ नसीम खान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र लिखकर मांग की है कि देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न को मरणोपरांत समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को दिया जाना चाहिए।


बलिया में बनेगा मुलायम की याद में सभागार
वहीं, बलिया से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वीरेंद्र सिंह ने पिछले महीने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की स्मृति में एक सभागार के निर्माण के लिए अपने सांसद कोष से 25 लाख रुपये मंजूर किए थे। प्रस्तावित सभागार का निर्माण बलिया जिला न्यायालय परिसर में किया जाना है और इसका नाम ‘धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव संवाद भवन’ रखा जाएगा। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने केंद्रीय रक्षा मंत्री के रूप में भी कार्य किया। उनके प्रशंसक उन्हें प्यार से "नेताजी" कहते थे।

Related News