कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मेगा रोड शो किया। इस दौरान राहुल गांधी ने यूपी की जनता से कहा कि मैंने प्रियंका और ज्योतिरादित्य को राज्य में लोकसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की जिम्मेदारी सौंपी है। लेकिन उनका अगला लक्ष्य अगले विधानसभा चुनाव में यूपी में कांग्रेस की सरकार बनवाना है।

इसके ​अलावा राहुल गांधी ने अपने छोटे से भाषण में सपा-बसपा गठबंधन के लिए जो ​संदेश दिया, उसके कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मैं मायावती और अखिलेश का आदर करता हूं। लेकिन यूपी में कांग्रेस पूरे दम से लड़ेगी, यूपी बदलने के लिए लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस पार्टी फ्रंट फुट पर लड़ेगी।

हांलाकि राहुल गांधी ने प्रत्यक्ष तौर पर सपा-बसपा और रालोद गठबंधन के बारे में कुछ भी नहीं कहा, लेकिन उनके बयानों से यह झलक रहा है कि वो महागठबंधन पर दबाव बनाकर यूपी में अधिक से अधिक सीटें हासिल करना चाहते हैं।

कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी ने कहा कि सबको ट्राई कर लिया, सब फेल हो गए। अब कांग्रेस की सरकार बनेगी। यूपी में कांग्रेस कमजोर नहीं रह सकती। राहुल गांधी ने कहा कि जो लोग हेलीकॉप्टर से उड़ते हैं, उनसे काम नहीं चलेगा। जो लोग जमीन की लड़ाई रहे हैं, उनको मौका दीजिए।

Related News