कांग्रेस के दिवंगत नेता विलास राव देशमुख के गृहक्षेत्र लातूर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर जमकर सियासी निशाना साधा। मध्य प्रदेश से लेकर दिल्ली तक आयकर विभाग की चल रही छापेमारियों की तरफ इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस में भ्रष्टाचार ही शिष्टाचार है। आपने देखा होगा कल-परसों, कैसे कांग्रेस के करीबियों के घर से बक्सों में भरे हुए नोट मिल रहे हैं। नोट से वोट खरीदने का ये पाप इनकी राजनीतिक संस्कृति रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने अभी 6 महीने भी नहीं हुए, लेकिन इनकी कलाकारी देखिए अरबों-खरबों रुपये की लूट के सबूत मिले हैं। बड़े-बड़े लोगों के बंगलों से करोड़ों का कालाधन इधर से उधर हुआ है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जो चाहता है, वही भाषा कांग्रेस बोलती है। जो भाषा पाकिस्तान की है, वहीं कांग्रेस के ढकोसला पत्र में है। इतना ही नहीं पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान, भारत के खिलाफ कोई झूठ बोलता है, तो कांग्रेस झट से उसे लपक लेती है।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जम्मू कश्मीर में अलग प्रधानमंत्री चाहने वालों के साथ है। कांग्रेस कह रही है कि जम्मू कश्मीर से 370 कभी नहीं हटाई जाएगी। कांग्रेस कह रही है कि हिंसा वाले इलाको में सैनिकों को मिले विशेष अधिकार को वो वापस ले लेंगे। पीएम मोदी ने लोगों से पूछा कि क्या आप ऐसे कांग्रेस का साथ देंगे? क्या ऐसे लोगों को सजा नहीं मिलनी चाहिए?

Related News