संयुक्त अरब अमीरात की शेख ज़ायद मस्जिद को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों लोग पहुंचते हैं। यह मस्जिद अपनी खूबसूरती के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। शेख जायद मस्जिद काफी बड़ी है। 1.8 लाख वर्ग फीट में फैली इस मस्जिद को सऊदी अरब के मक्का-मदीना के बाद दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी मस्जिद बताया गया है।

चूंकि इन दिनों रमजान का पवित्र महीना चल रहा है, ऐसे में यह मस्जिद रोजेदारों के लिए और खास हो जाती है। रमजान के दिनों में यहां का नजारा देखते ही बनता है। संयुक्त अरब अमीरात में अबुधाबी स्थित शेख जायेद मस्जिद दुनिया की खूबसूरत मस्जिदों में से एक है।

बता दें, रमज़ान उल मुबारक के मुक़द्दस महीने में यहां इफ्तार का नज़ारा रूहानी रहता है और अरबों की मेहमान नवाज़ी की झलक को दर्शाता है। यहां सभी रोजेदार एक साथ बैठकर अपनी रोजा इफ्तारी करते हैं। शेख ज़ायद मस्जिद में इफ्तार के लिए तोप से गोला दागा जाता है, जिसके बाद रोज़ेदार इफ्तार करते हैं। मस्जिद के बाहर के हिस्से में रमज़ान के मौके पर टैंट भी लगाये जाते हैं। इसके अलावा लंबे-लंबे दस्तरख्वान लगते हैं, जहां बैठकर रोजा खोला जाता है।

एक रिपोर्ट की मानें तो इस मस्जिद में हर रमज़ान में हर दिन तकरीबन 25000 से 30,000 रोजादार इफ्तार करते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 2004 में शुरू हुई यह मस्जिद हर साल ऐसे ही इंतजामों के लिए जानी जाती है।

Related News