भारत ने बुधवार को COVID-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में सहायता के लिए श्रीलंका को 100 टन मेडिकल ऑक्सीजन भेजा है। इसके साथ ही, एक सप्ताह से भी कम समय में, भारत ने श्रीलंका को 280 टन ऑक्सीजन सहायता की है। भारतीय उच्चायोग के अनुसार, आने वाले दिनों में श्रीलंका को और ऑक्सीजन पहुंचाई जाएगी।

भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट करते हुए बताया कि आज हल्दिया से 100 टन ऑक्सीजन आने के साथ ही, एक सप्ताह के भीतर भारत से श्रीलंका कुल 280 टन ऑक्सीजन आ गया। आने वाले दिनों में और अधिक ऑक्सीजन आने की उम्मीद है।

इससे पहले, भारतीय नौसेना पोत INS शक्ति श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में 100 टन ऑक्सीजन के साथ पहुंचा था। भारत COVID-19 से लड़ने के लिए श्रीलंका को मदद के तौर पर ऑक्सीजन दे रहा है। यह जहाज 19 अगस्त को विशाखापत्तनम से श्रीलंका के लिए रवाना हुआ था।

भारत ने यह मदद श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे की अपील पर की। बता दें कि श्रीलंका में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

इस बीच, श्रीलंका ने COVID मामलों में वृद्धि के कारण देशव्यापी कर्फ्यू लगा दिया है। श्रीलंकाई सरकार ने शुक्रवार, 20 अगस्त को रात 10 बजे से सोमवार, 30 अगस्त को सुबह 4 बजे तक दस-दिवसीय राष्ट्रव्यापी कर्फ्यू लगाया है। श्रीलंका में कोरोना तेजी से पैर फैला रहा है।

Related News