pc: indiatv

कभी-कभी हम सभी एक ही तरह का नाश्ता करके बोर हो जाते हैं, इसलिए आज हम आपके लिए एक लाजवाब रेसिपी लेकर आए हैं जो स्वादिष्ट भी है और सेहतमंद भी है - दही ब्रेड। आप इसे सुबह आसानी से बना सकते हैं और इसे बनाने में काफी कम समय लगेगा। तो आइए जानते हैं इसे आपको कैसे बनाना है?


दही ब्रेड बनाने के लिए सामग्री:
1 कप दही, ब्रेड, मक्खन, स्वादानुसार नमक, 2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चुटकी हल्दी, आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर, करी पत्ता, आधा चम्मच राई, आधा चम्मच जीरा, 1 चम्मच तेल, 1 कटा हुआ प्याज, कटा हरा धनिया।

दही ब्रेड बनाने की विधि:

दही ब्रेड बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े कटोरे में एक कप दही लें। अब दही को अच्छे से फेंट लें। जब दही अच्छे से फेंट जाए तो इसमें स्वादानुसार नमक, 2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चुटकी हल्दी और आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। आपका दही का घोल तैयार है।

अब गैस चालू करें और उस पर एक पैन रखें। पैन गर्म होने पर 1 चम्मच तेल डालें। इसके बाद इसमें तड़का लगाने के लिए करी पत्ता, आधा चम्मच राई और आधा चम्मच जीरा डालें। अब इस तड़के को दही में डालकर अच्छे से मिला लीजिए। साथ ही दही में कटी हुई धनिया पत्ती भी डाल दीजिए।

अब इस दही के घोल में एक ब्रेड स्लाइस डुबोएं। गैस चालू करें, उस पर एक पैन रखें और मक्खन डालें। अब दही में डूबी हुई ब्रेड को तवे पर रखें। ब्रेड को दोनों तरफ से अच्छे से सेक लें। आपकी दही ब्रेड तैयार है। अब दही ब्रेड को एक प्लेट में रखें और ऊपर से कटे हुए प्याज और धनिया पत्ती से गार्निश करें। अब इसे सॉस के साथ एन्जॉय करें।

Related News