हस्तरेखा विज्ञान प्राचीनतम ज्योतिष विधाओं में से एक है। ज्योतिष विद्या का मानना है कि व्यक्ति की हस्तरेखाएं उसके भाग्य को बताती हैं। अमूमन हाथ पर बनी ये रेखाएं शाश्वत नहीं होती। ये समय के साथ-साथ बदलती रहती हैं। कई बार हाथों की लकीरों में ऐसे शुभ योग बनते हैं, जिसके चलते व्यक्ति को कारोबार के क्षेत्र में खूब सारा लाभ होता है। उसके घर में मां लक्ष्मी की कृपा बरसने लगती है। घर के भीतर बड़े पैमाने पर धन संपत्ति का आगमन होता है। पाल बालाजी ज्योतिष संस्थान जयपुर जोधपुर के निदेशक ज्योतिषाचार्य डा. अनीष व्यास ने बताया कि ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक ऐसे योग को काफी शुभ माना गया है। इस तरह के योग के चलते व्यक्ति जीवन में खूब तरक्की करता है। मां लक्ष्मी की कृपा इन लोगों के ऊपर सदा बनी रहती है और उनका दांपत्य जीवन भी काफी खुशहाल रहता है। इस कड़ी में आज हम हस्तरेखाओं में बने ऐसे खास योग के बारे में जानेंगे जो व्यक्ति को जिंदगी में खूब कामयाबी दिलाते हैं। जिन लोगों के हाथ पर त्रिशूल का निशान बना होता है। खासतौर पर शनि पर्वत के स्थान पर ऐसे लोग बहुत किस्मत वाले होते हैं। शनि देव की कृपा से ऐसे लोग उच्च बिजनेसमैन एवं नेता बनते हैं। जिन लोगों की हथेली में भाग्य रेखा हथेली के बीच से शुरु होकर उसकी एक शाखा गुरु पर्वत या सूर्य पर्वत पर मिले तो ऐसे लोगों को भी किस्मत का भरपूर साथ मिलता है। ऐसे लोग उच्च अधिकारी एवं दौलतमंद शख्स बनते हैं। सूर्य एवं गुरू की वजह से इन्हें समाज में मान-सम्मान मिलता है।

ज्योतिषाचार्य डा. अनीष व्यास ने बताया कि जिस व्यक्ति की हथेली पर धनुष, चक्र, झंडा, रथ और आसन आदि में से कोई शुभ निशान होते हैं तो ऐसे लोग भी किस्मत के धनी माने जाते हैं। इन्हें कभी धन की कमी नहीं होती है। यदि किसी व्यक्ति के हथेली पर तलवार, हल या फिर पहाड़ का निशान हो तो ऐसे व्यक्ति के हाथों में राजयोग होता है। ऐसे लोग उच्चाधिकारी बनते हैं एवं समाज में खूब नाम कमाते हैं। ये सारे सांसारिक सुखों का लाभ उठाते हैं। जिन लोगों की हथेली पर मछली, छाता एवं मंदिर का निशान हो ऐसे लोगों के हाथों में भी राज योग होता है। ऐसे लोग संसार में बहुत नाम कमाते हैं। इनके पास ऐशोआराम की सारी सुविधाएं होती हैं। इन्हें कभी पैसों की कमी नहीं होती है। जिस किसी की हथेली में गुरु और सूर्य पर्वत उभार लिए होते हैं और शनि, बुध रेखा साफ और सीधी हो। ऐसे लोग राज्यपाल या किसी शहर के उच्च अधिकारी बनते हैं। ऐसे लोगों का समाज में बहुत नाम होता है।

लक्ष्मी योग

हस्त रेखा विशेषज्ञ डा. अनीष व्यास ने बताया कि यदि हस्तरेखाओं में बुध, गुरु, शुक्र और चंद्रमा पर्वत अच्छी तरह से लालिमा लिए हुए विकसित हो गए हैं, तो ये लक्ष्मी योग कहलाता है। इसे काफी शुभ योग माना गया है, जिस व्यक्ति की हस्त रेखाओं में ये योग बनता है। वह जो भी काम करता है, उसमें उसे जरूर सफलता मिलती है। ऐसे लोगों की जिंदगी काफी खुशहाल होती है। इन लोगों को जीवन में खूब सारा आर्थिक लाभ होता है।
गजलक्ष्मी योग

हस्त रेखा विशेषज्ञ डा. अनीष व्यास ने बताया कि यदि आपके हाथों की भाग्य रेखा मणिबंध से शुरू होकर शनि पर्वत तक जाती है। वहीं सूर्य रेखा बिना किसी कट-पिट के एकदम स्पष्ट दिखती हो और सूर्य पर्वत लालिमा लिए विकसित हो रखा है तो इस योग को गजलक्ष्मी योग कहा जाता है। इस योग को भी काफी शुभ माना गया है। ऐसा योग जिस किसी भी इंसान के हाथों पर होता है उसे दिन दोगुनी और रात चौगुनी तरक्की मिलती है। ये लोग व्यापार के क्षेत्र में खूब सारा लाभ अर्जित करते हैं। ऐसे लोगों का व्यक्तित्व काफी आकर्षक होता है।
शुभ कर्तरी योग

हस्त रेखा विशेषज्ञ डा. अनीष व्यास ने बताया कि अगर आपकी हथेली का बीच का हिस्सा दबा हुआ है और सूर्य और गुरु पर्वत अच्छी तरह से विकसित हो गए हैं। वहीं भाग्य रेखा शनि पर्वत तक जाए तो ऐसे में शुभ कर्तरी योग बनता है। शुभ कर्तरी योग जिस किसी भी इंसान की हस्त रेखाओं में होता है। वह जीवन में खूब सारा धन अर्जित करता है। मां लक्ष्मी की कृपा ऐसे इंसानों के ऊपर सदा बनी रहती है।


भाग्य योग

हस्त रेखा विशेषज्ञ डा. अनीष व्यास ने बताया कि यदि दोनों हाथों में भाग्य रेखा लंबी और स्पष्ट है तथा चंद्र पर्वत या फिर गुरु पर्वत से शुरू होती है, तो ऐसे में भाग्य योग बनता है। यह योग जिस व्यक्ति के हाथ में होता है, उसे जीवन में आपार सफलता मिलती है। कारोबार के क्षेत्र में वह खूब सारा लाभ अर्जित करता है। इसके अलावा ऐसे व्यक्ति का दांपत्य जीवन भी खुश रहता है।

Related News