भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड मामले दर्ज हो रहे हैं। ऑक्सीजन की कमी के चलते हजारों लोग अपना दम तोड़ रहे हैं और इन सभी के बीच कई झूठी खबरें भी फैलाई जा रही हैं।

सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि पीरियड से पांच दिन पहले और पांच दिन बाद तक महिलाओं को कोविड-19 वैक्सीन नहीं लगवानी चाहिए तो आखिर इस मेसेज के पीछे क्या सच्चाई है आइए जानते हैं।

क्या लिखा है वायरल मैसेज में?
वायरल मैसेज में कहा जा रहा है, ‘एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। ऐसे में लड़कियों से अपील है कि वो कुछ बातों का ध्यान रख कर ही ये वेक्सीन लगवाएं। ‘पीरियड से पांच दिन पहले और पांच दिन वैक्सीन न लगवाएं क्योंकि इस समय दौरान इम्युनिटी काफी कम होती है।’

दावे में कितनी सच्चाई?
पीआईबी फैक्ट चेक ने बताया है कि ये दावा एक दम फर्जी है और इसमें कोई सच्चाई नहीं है। लड़कियां कभी भी वैक्सीन लगवा सकती है और पीरियड्स से पहले और बाद में वेक्सीन ना लगवाने का ये दावा एकदम फर्जी है।

जानकारी के लिए बता दें कि 1 मई से 18 साल से अधिक उम्र वाले लोगों के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत होने जा रही है। अब तक हेल्थ वर्कर्स और 45 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण हो रहा था। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में अभी तक 13 करोड़ 83 लाख 67 हजार 997 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लग गई है।

Related News