कोरोना महामारी के बीच एक नया संकट अब अपने पैर पसार रहा है। मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और हिमाचल के बाद अब केरल भी बर्ड फ्लू की चपेट में आ गया है। बर्ड फ्लू से अब तक सैंकड़ों पक्षियों की जान जा चुकी है। राज्य सरकारों ने अब सतर्कता बढ़ा दी है। कई राज्यों ने इसके लिए अलर्ट जारी किया है।

बिहार, झारखंड व उत्तराखंड में राज्य सरकारों ने भी अलर्ट जारी किया है। एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस से होने वाली इस बीमारी से पक्षी ही नहीं, मनुष्य भी प्रभावित हो सकते हैं। इसको देखते हुए मुर्गे और अंडों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

पौंग बांध में मरे विदेशी परिंदें

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में अंतरराष्ट्रीय रामसर वेटलैंड पौंग बांध में अब तक कई विदेशी पक्षी मर चुके हैं। पौंग झील में अब तक 15 प्रजातियों के 1700 से अधिक विदेशी परिंदे दम तोड़ चुके हैं। जांच के लिए वाइलड लाइफ इंस्टीट्यूट आफ इंडिया, देहरादून से तीन सदस्यीय टीम भी पौंग डैम पहुंच गई है।

राजस्थान में भी फ़ैल रहा बर्ड फ्लू

राजस्थान में बर्ड फ्लू के चलतेअब तक 500 से अधिक कौओं की मौत हो चुकी है। राज्यपाल कलराज मिश्र ने राज्य सरकार के कृषि मंत्री लालचंद कटारिया से बर्ड फ्लू को नियंत्रण करने के लिए मदद मांगी है।

मप्र में प्रभावित क्षेत्र में कोरोना टेस्ट भी

मध्य प्रदेश में एक सप्ताह में डेली कालेज परिसर में 148 कौओं की मौत हो चुकी है। इसमें से दो कौओं के शव के सैंपल भोपाल स्थित हाई सिक्योरिटी लैब में भेजे गए थे। वहां जिन लोगों में सर्दी, खांसी व बुखार के लक्षण मिले हैं, उनका कोरोना टेस्ट करवाया गया।

इन्सान भी हो सकते प्रभावित

इस बीमारी से इंसान भी प्रभावित हो सकते हैं। इसका वायरस आंख, मुंह और नाक के जरिये इन्सानों के शरीर में प्रवेश कर जाता है।

लोगों को सलाह

जिस इलाके में संक्रमण फैला है, उसमें जाते समय एहतियात बरतें। मास्क लगाकर ही जाएं। नॉनवेज खरीदते समय साफ-सफाई का ख्याल रखें।

Related News