टेलीविजन जगत की मशहूर अभिनेत्री करिश्मा तन्ना शादी के बंधन में बंधने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। करिश्मा तन्ना अपने आने वाले पति वरुण बंगेरा के साथ अपने जीवन की एक नई शुरुआत करेंगी। दोनों 5 फरवरी को शादी करेंगे, जिसके चलते करिश्मा और वरुण की शादी की रस्में भी शुरू हो गई हैं। करिश्मा तन्ना और वरुण बंगेरा की हल्दी सेरेमनी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिन्हें फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। फोटोज में करिश्मा और वरुण अपनी शादी की रस्मों को खूब एन्जॉय कर रहे हैं.

करिश्मा तन्ना ने अपनी निजी जिंदगी के बारे में बहुत कम बात की है। फैंस करिश्मा तन्ना के पति वरुण बंगेरा के बारे में ज्यादा नहीं जानते हैं, लेकिन फैंस जानना चाहते हैं कि वरुण बंगेरा कौन हैं? करिश्मा तन्ना टेलीविजन की दुनिया से ताल्लुक रखती हैं लेकिन वरुण बंगेरा इंडस्ट्री से बहुत दूर रहते हैं। वरुण बंगेरा मुंबई के रहने वाले हैं और एक बिजनेसमैन हैं। वरुण वीबी क्रॉप नाम की कंपनी के डायरेक्टर हैं। वह 2010 से इस पद पर हैं।

वरुण बंगेरा बेशक मुंबई के रहने वाले हैं लेकिन उन्होंने अपनी पढ़ाई कनाडा के ओटावा विश्वविद्यालय से की है। उन्होंने इंटरनेशनल बिजनेस में ग्रेजुएशन किया है। वरुण लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं। उनका इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट है और उसे 415 लोग फॉलो करते हैं। वह 409 लोगों को फॉलो भी करते हैं। वरुण फेसबुक पर भी ज्यादा एक्टिव नहीं हैं।

Related News