पंकज त्रिपाठी उन अभिनेताओं में से एक हैं जिन्होंने अपने बेहतरीन अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से बॉलीवुड का सफर तय करने वाले पंकज त्रिपाठी आज 5 सितंबर को अपना 46वां जन्मदिन मना रहे हैं। आइए जानते हैं उनके खास दिन पर उनके बारे में कुछ खास बातें।

पंकज त्रिपाठी का नाम बॉलीवुड के सबसे सफल अभिनेताओं में गिना जाता है। फिल्मों में उनकी भूमिका हमेशा सराहनीय होती है। लेकिन एक समय था जब उन्हें कोई नहीं जानता था और मायानगरी में अपने सपनों को पूरा करने के लिए उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा था। पंकज ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत ड्रामा से की है। पंकज त्रिपाठी अपने कॉलेज के दिनों में राजनीति में काफी सक्रिय थे। उन्होंने हिंदी में स्नातक किया और भाजपा की छात्र शाखा एबीवीपी का हिस्सा बने। 2004 में पढ़ाई पूरी करने के बाद मुंबई आ गए। उसके बाद भी उन्होंने काफी संघर्ष किया और बॉलीवुड में अग्रणी स्थान हासिल किया।


पंकज, जिनके पास कभी अपनी पत्नी के लिए केक के लिए भी पैसे नहीं थे, आज करोड़ों की संपत्ति के मालिक है। पंकज त्रिपाठी बिहार के बेलसंड में एक बेहद आलीशान घर में रहते हैं. उनकी कुल संपत्ति करीब 40 करोड़ रुपए है। पंकज का मुंबई में भी एक घर है। उनके पास मर्सिडीज बेंज ई200, टोयोटा फॉर्च्यूनर, मर्सिडीज एमएल 500 जैसी कई कारें हैं।

पंकज त्रिपाठी ने 'गैंग्स ऑफ वासेपुर', 'रावण', 'मसान', 'द ताशकंद फाइल्स', 'दबंग 2', 'सिंघम रिटर्न्स', 'फुकरे', 'बरेली की बर्फी', 'न्यूटन', 'स्त्री', 'लूडो', 'मिमी', 'गुंजन सक्सेना', 'शेरदिल: द पीलीभीत सागा' और 'बच्चन पांडे' जैसी फिल्मों के साथ वेब सीरीज 'पाउडर', 'मिर्जापुर', 'सेक्रेड गेम्स' और 'क्रिमिनल जस्टिस' में काम किया है और दर्शकों के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई है.

Related News