दुनिया के सबसे बड़े स्पोर्टिंग इवेंट टोक्यो ओलिंपिक की आधिकारिक शुरुआत शुक्रवार से हो रही है। इसमें दुनियाभर के 206 देशों के 11,238 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। लेकिन चलिए जान लेते हैं कि टोक्यो ओलिंपिक में सबसे उम्रदराज और सबसे युवा एथलीट कौन हैं।

ऑस्ट्रेलिया की घुड़सवार मैरी हाना टोक्यो ओलिंपिक में हिस्सा लेने वाली सबसे उम्रदराज एथलीट होंगी। छठी बार ओलिंपिक में हिस्सा लेने वाली हाना 66 साल की हैं। टोक्यो ओलिंपिक में उतरते ही वे ओलिंपिक इतिहास की दूसरी सबसे उम्रदराज महिला एथलीट बन जाएंगी। अब तक की सबसे उम्रदराज महिला एथलीट होने का रिकॉर्ड ब्रिटेन की पूर्व घुड़सवार लॉर्ना जॉन्सटन के नाम है। 1972 ओलिंपिक में उन्होंने 70 साल की उम्र में हिस्सा लिया था।

मैरी हाना महज 4 साल की उम्र से ही घुड़सवारी कर रही है। उन्होंने पिता के फार्म से घुड़सवारी की शुरुआत की थी। ओलिंपिक में वे अब तक कोई मेडल नहीं जीत पाई हैं। वे 2016 रियो ओलिंपिक में नौवें स्थान पर रहने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थीं।

टोक्यो ओलिंपिक में सबसे युवा एथलीट होने का रिकॉर्ड सीरिया की हेंड जाजा बनाएंगी। वे 12 साल की हैं। जाजा टेबल टेनिस में अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। वे ओलिंपिक में टेबल टेनिस में हिस्सा लेने वाली अपने देश की पहली खिलाड़ी भी बनेंगी। हेंड जाजा ने लेबनान की 42 साल की खिलाड़ी मारियाना सहाकिया को हराकर ओलिंपिक का टिकट हासिल किया।

Related News