बता दें कि इन दिनों भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज खेल रही है। सीरीज के शुरूआती दो मुकाबले जीतकर टीम इंडिया ने इस वनडे सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई हुई है। बता दें कि वनडे सीरीज का तीसरा मैच 8 मार्च को रांची में खेला जाएगा। रांची का जेएससीए स्टेडियम महेंद्र सिंह धोनी का घरेलू मैदान भी है। उम्मीद है कि इस क्रिकेट ग्राउंड महेंद्र सिंह धोनी चौकों और छक्कों की बरसात करेंगे।

शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाले वनडे मैच के लिए टीम इंडिया रांची पहुंच चुकी है। तीसरा वन-डे मैच खेलने रांची पहुंची भारतीय टीम ने बुधवार रात जमकर धमाल मचाया। दरअसल शुक्रवार को होने वाले मुकाबले से पहले महेंद्र सिंह धोनी ने बुधवार रात को सिमलिया स्थित अपने फार्म हाउस में पूरी टीम के लिए डिनर पार्टी रखी थी। इसके बाद टीम इंडिया की पूरी टीम बस द्वारा होटल से धोनी के घर पहुंची।

डिनर पार्टी के दौरान टीम इंडिया के क्रिकेटर्स ने जमकर धमा चौकड़ी मचाई। हांलाकि खाने में कई तरह के पकवान बने थे, लेकिन ज्यादातर खिलाड़ियों ने बिहार का पारंपरिक व्यंजन लिट्टी चोखा का लुत्फ उठाया।
मीडिया खबरों के मुताबिक, शिखर धवन और केदार जाधव ने जमकर लिट्टी खाई। पार्टी के दौरान माही की पत्नी साक्षी धोनी, माही के पिता पान सिंह और माता देवकी भी मौजूद थी।

टीम इंडिया के सभी सदस्य करीब साढ़े तीन घंटे तक धोनी के फार्म हाउस पर मौजूद रही। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। पार्टी के बाद विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की, जो इस समय जमकर वायरल हो रही है। तस्वीर में विराट कोहली के साथ युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव और ऋषभ पंत नजर आ रहे हैं।

Related News