36वें राष्ट्रीय खेलों में एथलेटिक्स में शुरुवात में ही नौ गेम्स रिकार्ड बने, जिसमें यूपी का दबदबा बना रहा । दो खेलों में यूपी के खिलाड़ियों ने रिकार्ड बनाया, जिसमें बेहद गरीब परिवार की बेटी मुनीता प्रजापति ने 20 किलो मीटर वाक में 1.38.20 घंटे का समय निकाल गेम्स रिकार्ड बनाया। दूसरे शाटपुट में किरण बालियान ने 17.14 मीटर गोला फेंक नया गेम्स रिकार्ड बनाया।


गुजरात में चल रहे 36वें राष्ट्रीय खेलों में यूपी ने शुक्रवार को चार स्वर्ण, दो रजत व एक कांस्य जीतते हुए अपना अभियान शुरू किया। उत्तर प्रदेश तालिका में कुल सात पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। महिला एथलेटिक्स ने तीन स्वर्ण जीते जिसमें किरन बालियान और मुनीता प्रजापति ने नया नेशनल गेम्स रिकार्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीते।

फाइनल में पहुंच कर पक्का किया पदक
अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता पहलवान दिव्या काकरान ने भी महिला कुश्ती में उत्तर प्रदेश की झोली में स्वर्ण डाला। पुरुष कबड्डी सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश की टीम ने फाइनल में पहुंच कर पदक पक्का किया। महिला हैमर थ्रो में तीसरा स्वर्ण उत्तर प्रदेश की सरिता रोमित सिंह ने 61.03 मीटर के थ्रो के साथ जीता।


दिव्या काकरान ने 76 किग्रा में स्वर्ण पदक जीता
इसके अलावा पुरुष एथलेटिक्स में 1500 मी. में अजय कुमार सरोज ने 3:41.58 का समय निकालते हुए रजत पदक जीता। कुश्ती में दिव्या काकरान ने 76 किग्रा में स्वर्ण पदक जीता। उनकी इस सफलता से हरियाणा पहले दिन दांव पर लगे सभी छह स्वर्ण पदक जीतने से चूक गया। दिव्या ने क्वार्टर फाइनल में हरियाणा की रीतिका को हराया, फिर तेलंगाना की रोहिणी सत्य शिवानी और फाइनल में हिमाचल प्रदेश की रानी को 4-0 से हराया।


उत्तर प्रदेश का रहा दबदबा
महिला कुश्ती के ही 62 किग्रा भार वर्ग में उत्तर प्रदेश की फ्रीडम यादव को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। पुरुष टीम जिम्नास्टिक में उत्तर प्रदेश ने रजत पदक जीता। पुरुष कबड्डी सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश की टीम ने सर्विसेज को 42-37 से हराया।

Related News