कोरोना काल के बीच इस बार आईपीएल यूएई में हो रहा है। 19 सितंबर से शुरू होने वाले आईपीएल 13 की तैयारी के लिए 8 टीमें दुबई पहुंच गई हैं। लेकिन इस बार कोविड-19 महामारी के चलते आईपीएल का रूप भी काफी बदला हुआ होगा। टीमों को बायो सिक्योर एन्वॉयरमेंट में रहना होगा, मैच खाली स्टेडियम में खेले जाएंगे और इसके अलावा खिलाड़ियों को कई बार कोविड-19 टेस्ट कराना होगा।

यूएई पहुंचने के बाद सभी क्रिकेटरों और टीम स्टाफ को 6 दिन तक आइसोलेशन में रहना पड़ रहा है। ऐसे में सभी क्रिकेटरों और स्टाफ के लिए रुकने के लिए शानदार लग्जरी होटल बुक किए हैं। चलिए एक नजर डालते हैं कि कौन सी टीम किस होटल में रुक रही है।

चेन्नई सुपर किंग्स: चेन्नई सुपर किंग्स ने ताज दुबई का एक फ्लोर अपने क्रिकेटरों और स्टाफ के लिए बुक कर रखा है। इस होटल के कमरों से आपको 'बुर्ज खलीफा' इमारत नजर आती है।

केकेआर: वही केकेआर के को-ओनर और बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के लिए दुबई दूसरे घर जैसा है। दुबई में उनकी काफी प्रॉपर्टी भी है। अबू धाबी में रिट्ज कार्लटन में केकेआर की टीम रुकी है।

मुंबई इंडियंस: मुंबई इंडियंस एक ऐसी फ्रेंचाइजी टीम है, जहां कुछ खिलाड़ियों के परिवार भी यूएई पहुंचे हैं। कप्तान रोहित शर्मा अपनी पत्नी रितिका और बेटी समायरा के साथ यूएई पहुंचे हैं। मुंबई इंडियंस ने मैरियट ग्रुप के सेंट रेजिस होटल को अपने खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए बुक कराया है। यह होटल अबूधाबी के सैदियत आइलैंड में स्थित है।

आरसीबी : आरसीबी की टीम दुबई के वालडॉर्फ एसोरिया होटल में रुकी है। इस होटल में प्राइवेट बीच भी मौजूद है। इस होटल का ज्यादातर हिस्सा आरसीबी ने अपने खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए बुक कर रखा है।

सनराइजर्स हैदराबाद : सनराइजर्स हैदराबाद की टीम दुबई के मशहूर बीच फ्रंट होटल रिट्ज कार्लटन में रुकेगी। इस होटल में सी फेसिंग गेस्ट रूम हैं। यह दुबई के सबसे खूबसूरत होटलों में से एक है।

किंग्स इलेवन पंजाब : किंग्स इलेवन पंजाब की टीम दुबई के सोफीटेल द पाम होटल में रुकी है। यह होटल आरसीबी के होटल से महज आधे किमी. की दूरी पर है। इस होटल से भी खिलाड़ी बीच का आनंद उठा सकते हैं।

राजस्थान रॉयल्स: राजस्थान रॉयल्स टीम दुबई के वन एंड ओनली रॉयल मिराज में रुकी है। यह दुबई के सबसे रॉयल होटलों में से एक है। 65 एकड़ में फैसे इस होटल में भी खिलाड़ियों को प्राइवेट बीच का आनंद उठाने का मौका मिलेगा।

दिल्ली कैपिटल्स: दिल्ली कैपिटल्स दुबई पहुंचने वाली सबसे अंतिम आईपीएल फ्रेंचाइजी है। इसके साथ ही सभी आईपीएल टीमें दुबई पहुंच चुकी हैं। दिल्ली की टीम रविवार को यहां पहुंची। प्लेस डाउनटाउन दुबई के सबसे लग्जरी होटलों में से एक है।

Related News