ICC Cricket World Cup 2011 को आज दस साल पूरे हो गए हैं। इसी को लेकर पूर्व क्रिकेटर और फाइनल में 97 रन की पारी खेलने वाले गौतम गंभीर ने कहा है कि अब इससे आगे बढ़ने का समय है क्योंकि इसे दस साल बीत गए हैं। इस खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज गौतम गंभीर को समझ नहीं आता कि शुक्रवार को इस खिताबी जीत के 10 साल पूरे हो जाएंगे, लेकिन इसके बावजूद लोग अब तक इसे लेकर इतने उत्सुक क्यों हैं।

दो अप्रैल 2011 को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए फाइनल में गंभीर भारतीय जीत के नायकों में शामिल थे और उन्होंने 97 रन की पारी खेली थी, जिसके बाद तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने नाबाद अर्धशतक जड़ते हुए छक्का लगाकर भारतीय टीम को जीत दिलाई थी। भारत ने 1983 के बाद पहली बार विश्व कप जीता था। ये लम्हा सभी के लिए ऐतिहासिक था, लेकिन अब इस बात को एक दशक का समय हो चुका है।

गंभीर ने कहा, "ऐसा नहीं लगता कि यह कल की बात है। कम से कम मेरे साथ ऐसा नहीं है। इसे अब 10 साल बीत चुके हैं। मैं ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो पीछे मुड़कर काफी अधिक देखता है। बेशक यह गौरवपूर्ण लम्हा था, लेकिन अब भारतीय क्रिकेट के लिए आगे बढ़ने का समय है। संभवत: समय आ गया है कि हम जल्द से जल्द अगला विश्व कप जीतें।" भारत ने उसके बाद से दो वनडे विश्व कप खेले हैं, लेकिन एक भी बार फाइनल में नहीं पहुंच पाए हैं।

Related News