पुरुष वर्ग में एफआइएच का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी लगातार दूसरी बार भारतीय हाकी टीम के सर्वोत्तम डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह को चुना गया। पुरुष वर्ग में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हरमनप्रीत लगातार दो वर्षों में जीतने वाले चौथे खिलाड़ी हैं, वह इस तरह नीदरलैंड्स के तेयून डि नूजीयर, आस्ट्रेलिया के जेमी ड्वेयर और बेल्जियम के आर्थर वान डोरेन के साथ इस एलीट सूची में शामिल हो गए हैं।

हरमनप्रीत को कुल 29.4 अंक मिले, उनके बाद थिएरी ब्रिंकमैन के 23.6 और टाम बून के 23.4 अंक हैं। भारतीय उपकप्तान हरमनप्रीत ने एफआइएच हाकी प्रो लीग 2021-22 में 16 मैचों में 18 गोल दागे हैं जिसमें दो हैट्रिक भी शामिल हैं। एफआइएच ने एक बयान में कहा,'हरमनप्रीत एक आधुनिक युग के हाकी सुपरस्टार हैं। वह शानदार डिफेंडर हैं जिनमें प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ने के लिए सही समय पर सही जगह पहुंचने की बेहतरीन क्षमता है।'


इन 18 गोल की बदौलत वह भारत के लिए सत्र के अंत में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे और उनके नाम प्रो लीग के एक ही सत्र में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकार्ड भी दर्ज हो गया है। हरमनप्रीत पिछले साल ढाका में एशियाई चैंपियंस ट्राफी में शानदार फार्म में थे जिसमें उन्होंने छह मैचों में आठ गोल दागे थे। उन्होंने बर्मिंघम 2022 कामनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम के लिए भी अहम भूमिका अदा की थी।


महिला वर्ग में नीदरलैंड्स की फेलिस अलबर्स को एफआइएच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वह महिला वर्ग में जर्मनी की नताशा केलर (1999) के बाद एफआइएच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गईं। अलबर्स के कुल अंक 29.1 हैं, उन्होंने मारिया ग्रानाटो (26.9 अंक) को पछाड़ा। आगस्टिना गोर्जेलानी 16.4 अंक से तीसरे स्थान पर रहीं।

Related News