हल ही में ब्रिटेन को पछाड़ते हुए भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत की जीडीपी साढ़े तीन ट्रिलियन डालर हो चुकी है। अर्थशास्त्री जिम ओ नील ने भी लिखा है कि भारत जल्द ही विश्व को सबसे ज्यादा प्रभावित करने वाले देशों में से एक देश होगा। इसमें कोई शक नहीं है कि जैसे-जैसे भारत की अर्थव्यवस्था बढ़ेगी इसकी राजनीतिक, सैन्य और सांस्कृतिक शक्ति के साथ वैश्विक प्रभाव में भी परिवर्तन आएगा। इसी बीच लिज ट्रस ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री चुनी गई हैं। उन्होंने अपने देश को इस बात का भरोसा दिलाया है कि वह आर्थिक संकट से ब्रिटेन को बाहर निकालेंगी। लिज ट्रस जब विदेश मंत्री थीं तब भी वह भारत के प्रति सकारात्मक नजरिया रखती थीं।


वैसे भी ब्रिटेन में प्रधानमंत्री कोई भी हो भारत को नजरअंदाज नहीं कर सकता। लिज ट्रस भी इस बात को जानती हैं। वैसे भी भारत और ब्रिटेन के मध्य मजबूत ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। हाल के वर्षों में दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों को एक नई दिशा मिली है। यहां तक कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भी भारत को लेकर सख्त टिप्पणियों से परहेज किया। भारत-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत करने समेत रक्षा, शिक्षा, व्यापार, पर्यावरण आदि के मामले में भी उनका दृष्टिकोण समर्थन वाला ही रहा है।


भारत के लिए ब्रिटेन एक महत्वपूर्ण आयातक देश है। ऐसे में भारत के साथ होने वाले मुक्त व्यापार समझौते पर लिज ट्रस शीघ्र सहमति दे सकती हैं। गौरतलब है कि भारत और ब्रिटेन के बीच तकरीबन 23 अरब पाउंड का सालाना व्यापार होता है और ब्रिटेन को यह उम्मीद है कि मुक्त व्यापार के जरिये इसे 2030 तक दोगुना किया जा सकता है।यूरोप में व्यापार करने के लिए भारत ब्रिटेन को द्वार समझता है। लिज ट्रस कैबिनेट मंत्री के रूप में पूर्व में भारत की यात्रा कर चुकी हैं। वह मानती रही हैं कि भारत निवेश के लिए हर तरह से उपयुक्त है।

Related News