इंटरनेट डेस्क। भारतीय नौसेना अपने हैरतअंगेज कारनामों के लिए हमेशा विख्यात रही है। इसी साल मई के महीने में इंडियन नेवी में कार्यरत 6 क्रू मेंबर्स ने आईएनएसवी तारिणी के जरिए 3 महासागर, 4 महाद्वीप और 5 देशों की यात्रा पूरी की। भारतीय नौसेना की इन महिलाओं ने अपनी यह समुद्री यात्रा कुल 254 दिनों में पूरी की।

यात्रा पूरी कर आईएनएसवी तारिणी का यह दल जब गोवा तट पर रूका तो भारत की रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और नेवी चीफ सुनील लांबा ने इन नौसैनिक महिलाकर्मियों का जोरदार स्वागत किया। सबसे बड़ी बात की कुल 254 दिनों तक 5 देशों की यात्रा पर निकली भारतीय नौसेना में कार्यरत ये सभी महिलाएं ही थीं।

आईएनएसवी तारिणी पर सवार इस महिला दल की कमान लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी के हाथों में थी। चालक दल के रूप में उनके साथ एस विजया देवी, पायल गुप्ता, लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जामवाल, स्वाति पी और लेफ्टिनेंट ऐश्वर्या बोड्डापति शामिल रहीं। पिछले साल 18 फरवरी को भारतीय नौसेना में शामिल 55 फुट लंबी आईएनएस तारिणी के जरिए इन 6 महिलाओं ने अपनी 254 दिनों की लंबी यात्रा पूरी की।

भारतीय नौसेना की किसी महिला चालक सदस्यों की यह पहली कामयाबी है। इंडियन नेवी के एक प्रवक्ता के अनुसार, इस यात्रा को नेवी की इन महिलाओं ने 6 चरण में अंजाम दिया। इस यात्रा के दौरान इस महिला चालक दल ने ऑस्ट्रेलिया,न्यूजीलैंड, फॉकलैंड द्वीप, दक्षिण अफ्रीका तथा मारीशस में ठहराव किया था। नेवी प्रवक्ता के मुताबिक, इन 6 महिला नौसेना कर्मचारियों ने 8 महीने में 21,600 नॉटिकल माइल की यात्रा पूरी की। इस दौरान इन्होंने चार महाद्वीपों, तीन सागरों तथा दो बार भूमध्य रेखा को पार किया था। भारतीय नौसेना की इन 6 महिलाकर्मियों की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टवीट करते हुए कहा था कि पूरा देश आप लोगों पर गर्व करता है।

Related News