राहुल गांधी की वीर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणी के बाद अब राजनीतिक दलों के नेता पंडित जवाहर लाल नेहरु पर निशाना साध रहे हैं। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि नेहरु ने देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाई है, यदि वे ऐसा नहीं करते तो आज भारत एक और पाकिस्तान होता।


धूमिल न करें ऐतिहासिक शख्सियतों की छवि
शनिवार को संजय राउत ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री के तौर पर नेहरु ने भारत को विकास के पथ पर बढ़ाया। इसके लिए उन्होंने सावरकर के वैज्ञानिक मिजाज की मदद ली। उन्होंने कहा, 'यदि ऐसा नहीं करते तो भारत एक और पाकिस्तान बन जाता... भारत इसके लिए हमेशा नेहरु का कर्जदार रहेगा।'

वीडी सावरकर, पंडित जवाहरलाल नेहरु या किसी अन्य स्वतंत्रता सेनानी की छवि धूमिल नहीं करनी चाहिए, क्योंकि वे अपने बचाव के लिए अब दुनिया में नहीं हैं। किसी ने सावरकर के खिलाफ कुछ कहा है तो इसका मतलब यह नहीं होना चाहिए कि हमें भी नेहरु के बारे में नेगेटिव बोलना चाहिए।


अपना बचाव करने को नहीं हैं कोई स्वतंत्रता सेनानी
शिवसेना नेता ने कहा कि सावरकर को लेकर दिए गए अपमानजनक बयान से बचाव की कोई जरूरत नहीं हैं और इसके लिए जवाहर लाल नेहरु या किसी अन्य ऐतिहासिक शख्सियत पर निशाना साधना पूरी तरह गलत है। इससे पहले उन्होंने यह भी कहा था कि इस तरह के बयान से कांग्रेस के महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन, NCP और शिवसेना के बीच दरार डाल सकती है।

राज्यसभा सदस्य ने शनिवार को कहा, 'पंडित नेहरु और सावरकर के सम्मान को धूमिल करने के प्रयासों पर रोक लगा दी जानी चाहिए।' देश की आजादी के लिए त्याग करने वाले स्वतंत्रता सेनानी हमारे लिए आदरणीय हैं। उन्होंने आगे कहा कि ये अब जीवित नहीं हैं इसलिए अपना बचाव अब नहीं कर सकते।

Related News