राष्ट्र पिता महात्मा गांधी को कौन नहीं जनता है। वो छुआछूत के सख्त ख़िलाफ़ थे, वो चाहते थे कि ऐसा समाज बने जिसमें सभी लोगों को बराबरी का दर्जा हासिल हो क्योंकि सभी को एक ही ईश्वर ने बनाया है। सबको एक समान रहने का अधिकार है। लेकिन आज हम उस समय की बात करेंगे जब दलितों से छुआछूत की बात पर गांधी ने पत्नी कस्तूरबा को तलाक़ देने की बात कह दी थी।

ये बात उस समय की है जब गांधी जी चंपारण जाने वाले थे और बांकीपुर स्टेशन उतरे जो पटना का पुराना नाम थ, उन्हें कुछ लोग राजेंद्र प्रसाद के घर ले गए। उस समय राजेंद्र प्रसाद घर पर नहीं थे और वहां मौजूद नौकर गांधी को पहचानते नहीं थे, इसलिए उन्हें बाहर वाले कमरे में ठहरा दिया गया क्योंकि उन्हें लगा कि यह शख़्स पता नहीं किस जाती या धर्म से होगा। इस व्यवहार से गांधी बहुत ही खिन्न हो गए।

बाद में गांधी ने जब अहमदाबाद के पास अपना आश्रम बनाया तब ठक्कर बापा का पत्र लेकर एक आदमी उनके पास आया। उस पत्र में ठक्कर बापा ने लिखा था, ''आप कहते हैं कि सभी लोग बराबर हैं और अगर आश्रम के नियमों का पालन करेंगे तो उन्हें आश्रम में रहने की जगह दी जाएगी। इसलिए मैं एक आदमी को आपके आश्रम में रहने के लिए भेज रहा हूं। वो एक दलित हैं और आपको उन्हें आश्रम में रखने पर विचार करना है.''

गांधी ठक्कर बापा को मना नहीं कर सकते थे। मना ना करने एक वजह यह भी थी कि गांधी के प्रयोग का यह पहला चरण था और गांधी देखना चाहते थे कि उन्हें क्या हासिल होता है। जो व्यक्ति आश्रम में रहने आए उनका नाम दूदा भाई था और साथ में उनकी पत्नी दानी बेन और एक छोटी बच्ची थी, इन तीनों को गांधी ने आश्रम में जगह दी तो अहमदाबाद में हंगामा हो गया।

जो सवर्ण आश्रम को चंदा देते थे उन्होंने चंदा देना बंद कर दिया। आश्रम बंद होने की नौबत आ गई। आसपास के लोगों ने गाली देना शुरू कर दिया और दूदा भाई का जीना हराम कर दिया। लेकिन गांधी अपने फ़ैसले से टस से मस नहीं हुए।

जब गांधी को यह पता चला कि कस्तूरबा जाने-अनजाने आश्रम की अन्य महिलाओं का केंद्र बन गई हैं और दूदा भाई को आश्रम में रखने का विरोध कर रही हैं तो उन्होंने कहा कि यह नहीं होगा। इस बात पर गांधी जी ऊंची आवाज़ में कस्तूरबा से कहा कि वो अपना फ़ैसला नहीं बदलेंगे।

उन्होंने कस्तूरबा से यहां तक कह दिया कि अगर वो चाहें तो अपना अलग रास्ता अपना सकती हैं। इसे झगड़ा नहीं माना जाएगा लेकिन अब वो दोनों एक साथ नहीं रह सकते। यह उनका तलाक़ होगा।

Related News