गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुजरात के कच्छ में चुनाव रैली करने पहुंचे हैं। इस रैली के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। शिवराज ने रैली में कहा, राहुल गांधी ने वीर सावरकर का अपमान किया है। दो जन्मों के बराबर की सज़ा मिली जिस शख़्स को, वतन पर सब कुछ न्यौछावर करने वाला, आप ऐसे स्वतंत्रता सेनानी का अपमान करते हैं, यह देश आपको कभी माफ नहीं करेगा।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा, नरेंद्र मोदी एक 'कल्पवृक्ष' हैं, आप जो चाहें प्राप्त कर सकते हैं। केजरीवाल बबूल का पेड़ है, कांटे ही मिलेंगे। सीएम चौहान ने कहा, राहुल गांधी एक झाड़ी है जो फसलों को बर्बाद कर देगा। कांग्रेस, AAP देश से संतोष और शांति मिटा देगी। उन्होंने आगे कहा, कांग्रस के लोग मध्य प्रदेश में रोज मुझे गाली देते थे कि मैं गुजरात को नर्मदा का पानी दे रहा हूं। गुजरात कोई पाकिस्तान है क्या? गुजरात भी तो हमारा है। जब सरदार सरोवर बना तो गुजरात को पानी और मध्य प्रदेश को बिजली मिली।


दो दर्जन से ज्यादा नेता करेंगे प्रचार
गुजरात में 1 दिसंबर को पहले चरण के लिए 89 सीटों पर मतदान होना है। इनमें से 82 सीटों पर भाजपा के लगभग 29 नेता चुनाव प्रचार करेंगे। प्रचार के लिए 6 केंद्रीय मंत्रियों और तीन मुख्यमंत्रियों को भी उतारा जाएगा।सत्ताधारी भाजपा भी चुनाव प्रचार में अपने नेताओं की फौज उतारने जा रही है। पहले चरण के मतदान के लिए भाजपा ने प्रचार की खास प्लानिंग की है।


गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि आज से प्रचार का सिलसिला शुरू हो जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, 6 केंद्रीय मंत्री, 3 राज्य के मुख्यमंत्री, दो राज्य के उपमुख्यमंत्री समेत 15 राष्ट्रीय संगठन के नेता और मंत्री चुनाव प्रचार करेंगे। इसके अलावा गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, पूर्व सीएम विजय रूपाणी और पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल भी प्रचार करेंगे।

Related News