दिग्विजय सिंह आज कांग्रेस की अंतरिम अध्‍यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने के लिए दिल्ली पहुंच रहे है। बताया जा रहा है कि वह कांग्रेस अध्‍यक्ष पद के दावेदार हो सकते हैं। हालांकि, दिग्विजय सिंह की ओर से या किसी अन्‍य कांग्रेस नेता की ओर से कोई बयान इसे लेकर जारी नहीं किया गया है। कांग्रेस पार्टी के अध्‍यक्ष पद के चुनाव की गहमा गहमी के बीच वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह के दिल्‍ली पहुंचने की खबरों ने एक नई संभावना को हवा दी है। खबर के मुताबिक, कांग्रेस अध्‍यक्ष पद के लिए चुनाव की अधिसूचना आज जारी होने जा रही है। कांग्रेस के अध्‍यक्ष पद के चुनाव के लिए रेस कल से शुरू होने जा रही है। 24 सितंबर से 30 सितंबर तक नामांकन किया जाएगा।


दिग्विजय सिंह भी चुनावी मैदान में
दिग्विजय सिंह कांग्रेस परिवार के बेहद करीबी माने जाते हैं। ऐसे में इन खबरों को ओर भी बल मिल रहा है कि दिग्विजय सिंह भी कांग्रेस अध्‍यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं। कांग्रेस अध्‍यक्ष पद की रेस में अभी तक राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत और केरल से सांसद शाशि थरूर का नाम आगे चल रहा था। अब इस चुनावी दंगल में कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह का नाम भी शामिल हो गया है।


दिग्विजय सिंह आज कांग्रेस की अंतरिम अध्‍यक्ष सोनिया गांधी से मिलने जा रहे हैं। इससे पहले अशोक गहलोत और शशि थरूर भी सोनिया गांधी से मुलाकात कर चुके हैं। दरअसल, गांधी परिवार का विश्‍वासपात्र ही कांग्रेस अध्‍यक्ष पद की कमान संभालेगा, इसमें कोई दो राय नहीं है। ऐसे में सोनिया गांधी की ओर से हरी झंडी मिलना बेहद जरूरी है। अब यह देखना है कि सोनिया गांधी से मिलने के बाद दिग्विजय सिंह क्‍या बयान देते हैं। इसी से कांग्रेस अध्‍यक्ष पद के चुनाव को लेकर कुछ स्थिति साफ हो पाएगी।

Related News