आपको जानकारी के लिए बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस बार पूर्वांचल में आजमगढ़ से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। बता दें कि अखिलेश यादव के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को अपना प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा से टिकट मिलते ही दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने अपने नाम के आगे चौकीदार शब्द जोड़ लिया है। इसी के साथ दिनेश लाल यादव ने यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को नसीहद भी दे डाली। दिनेश लाल यादव ने कहा कि अखिलेश भैया आप तो बस सैफई संभालो, हम आजमगढ़ संभाल लेंगे।

बतौर भाजपा उम्मीदवार आजमगढ़ से टिकट मिलने के बाद दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने अपनी पार्टी के सभी नेताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि हम आजमगढ़ लोकसभा की चौकीदारी करने को तैयार हैं।

आपको जानकारी के लिए बता दें कि आज की तारीख में भले ही दिनेश लाल यादव आजमगढ़ में अखिलेश यादव के खिलाफ ताल ठोकते नजर आ रहे हैं, लेकिन कभी अखिलेश सरकार ने उन्हें यशभारती पुरस्कार से सम्मानित किया था।

बता दें कि दिनेश लाल यादव गाजीपुर के छोटे से गांव टंडवा से ताल्लुक रखते हैं। भोजपुरी एल्बम निरहुआ सटल रहे से दिनेश लाल यादव को खूब प्रसिद्धि मिली थी। दिनेश लाल यादव ने भोजपुरी सिनेमा को एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्में दी हैं। ये बिग बॉस शो के भी कंटेस्टेंट रह चुके हैं।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2014 में मोदी लहर के बावजूद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने आजमगढ़ से जीत का परचम लहराया था, उन्होंने भाजपा के कैंडिडेट रमाकांत यादव को भारी मतों से शिकस्त दी थी। इस बार के चुनाव में मुलायम​ सिंह यादव के बेटे अखिलेश यादव आजमगढ़ सीट पर अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं।

Related News