दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में लू और गर्मी से लोग परेशान हैं। यूपी, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत कई अन्य राज्यों में लोग लू के थपेड़े झेल रहे हैं। राजधानी दिल्ली में तेज धूप, लू ने लोगों का घर से बाहर निकलना दूभर कर दिया है।

भारतीय मौसम विभाग गुजरात के निदेशक जयंत सरकार के मुताबिक, आने वाले 5 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा और कोई राहत मिलती नहीं दिखेगी। गुजरात के तापमान में 2 डिग्री की कमी आ सकती है। उन्होंने यह भी बताया है कि केरल में मानसून 6 जून को दस्तक दे सकता है।

8 सालों में यह सबसे गर्म दिन रहा 30 मई

दिल्ली में 30 मई को तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन था और पिछले 8 सालों में तापमान इतना अधिक नहीं हुआ है।

वहीं, भारतीय मौसम विभाग पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, उत्तर भारत के दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, चंड़ीगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कई इलाकों में भीषण गर्मी के साथ लू जारी रहेगी और तापमान में कमी आने की कोई संभावना नहीं है।

6 जून तक केरल में आ सकता मानसून

मौसम विभाग का यह भी अनुमान है कि अंडमान ऊपर दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति धीरे-धीरे तेज हो रही है और बंगाल की खाड़ी से मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून के 6 जून को केरल में दस्तक देने का अनुमान है।

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाके उत्तरकाशी में पारा 37 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जबकि अल्मोड़ा में यह 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके अलावा हरिद्वार, कोटद्वार, ऊधमसिंह नगर और रुड़की में यह पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है।

मध्य प्रदेश में भी गर्मी से लोगों का बुरा हाल है और छठे दिन खजुराहो में पारा 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर में भी पारा 47.2 डिग्री से. दर्ज किया गया है। जम्मू जैसे ठंडे राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। यहां बुधवार को पारा 42 डिग्री से ज्यादा था।

Related News