सऊदी अरब के विदेश मंत्री अदेल बिन अहमद अल-जुबेर ने कहा कि उनका देश भारत को बढ़ती आर्थिक शक्ति के रूप में देखता है, तथा उसके आगे की वृद्धि को लेकर आशान्वित है। उन्होंने कहा कि भारत एक बढ़ती आर्थिक शक्ति और स्थिर अवसरों वाला देश है, इसलिए हम भारत के साथ बेहतर और मजबूत संबंध चाहते हैं। बता दें कि अदेल बिन अहमद अल-जुबेर सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के प्रतिनिधिमंडल में शामिल होकर भारत आए थे।

अभी हाल में ही सऊदी अरब ने यह घोषणा की है कि दुनिया की सबसे बड़ी तेल निर्यातक कंपनी सऊदी अरामको महाराष्ट्र में 44 अरब डॉलर की लागत से स्थापित होने वाली रिफाइनरी परियोजना में भागीदार होगी। बता दें कि यह दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी होगी, जिसका निर्माण एक बार में किया जाएगा।

जानकारी के लिए बता दें कि सऊदी अरब कच्चे तेल की आपूर्ति के लिए भारत को अपना क्षेत्रीय केंद्र बनाने पर विचार कर रहा है। भंडारण सुविधाओं के निर्माण तथा रिफाइनरी को मजबूत करने के लिए यह देश भारत में अरबों डॉलर निवेश करेगा। सऊदी अरब पेट्रालियम उत्पादों के वितरण और विपणन क्षेत्र में निवेश करने के अलावा पेट्रो रसायन के क्षेत्र में भी बुनियादी ढांचा को मजबूत करने में भारत की मदद करेगा।

सऊदी अरब के विदेश मंत्री ने अभी कुछ ही दिनों पहले कहा था कि हम भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति का केंद्र बनाने पर विचार कर रहे हैं। अल-जुबेर ने कहा कि हम भारत के साथ मिलकर महाराष्ट्र में 44 अरब डॉलर की लागत का सबसे बड़ा रिफाइनरी परिसर बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका देश भारत को कच्चा तेल बेचने को तैयार है, इसके अलावा उसकी तेल मांग को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related News