लोकसभा चुनाव 2019 बिल्कुल नजदीक है, ऐसे में बॉलीवुड सितारों की तरह क्षेत्रीय भाषाओं के सितारों की भी अहमियत बढ़ चुकी है। इसी क्रम में खबर है कि भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।

बता दें कि अभी हाल में ही दिनेश लाल यादव ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। कहा जा रहा है कि दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ आजमगढ़ सीट से बतौर भाजपा उम्मीदवार सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं।

बता दें कि पूर्वांचल में आजमगढ़ ए​क हाई प्रोफाइल सीट है। इसी सीट से यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव चुनाव लड़ सकते हैं। संभव है भारतीय जनता पार्टी भोजपुरी के लोकप्रिय कलाकार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को अपना उम्मीदवार बना सकती है। बता दें कि निरहुआ की गिनती भोजपुरी के सबसे बड़े गायक और अभिनेताओं में की जाती है। यह भी खबर सुर्खियों में है कि इस बार जौनपुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन को भाजपा इस बार अपना उम्मीदवार बना सकती है।

गौरतलब है कि द‍िनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला के निवासी हैं। निरहुआ ने बतौर लोक गायक अपने करियर की शुरूआत की थी। दिनेश लाल यादव पहले शादियों में परफॉर्म किया करते थे। मौजूदा समय में द‍िनेश लाल यादव की ग‍िनती भोजपुरी के सबसे महंगे सुपरस्टार्स में की जाती है। यह कलाकार भोजपुरी सिनेमा को कई सुपरह‍िट फिल्में दे चुका है।

Related News