अगर कोई आपसे कहे कि आप रोजाना प्लास्टिक भी खा रहे हैं तो क्या आप इस बात पर विश्वास करेंगे? आपका जवाब होगा नहीं। लेकिन हम रोजाना प्लास्टिक का सेवन करते हैं। जी हाँ। आज हम आपको बतांएगे कि हर साल हम कितना प्लास्टिक खा जाते हैं और ये किस तरह हमारे शरीर के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।

डीडबल्यू की रिपोर्ट के आधार पर हवा, पानी और खाने में प्लास्टिक घुला है। हम हर हफ्ते 5 ग्राम माइक्रोप्लास्टिक खा रहे हैं। सरल शब्दों में कहें तो एक क्रेडिट कार्ड के बराबर प्लास्टिक हम एक हफ्ते में खा जाते हैं। एक साल में हम इतना प्लास्टिक खा लेते हैं कि इस से एक फायरमैन का हेलमेट बनाया जा सकता है। इसका मतलब है कि हम हर 10 साल में ढाई किलो से ज्यादा प्लास्टिक खा जाते हैं। पूरी जिंदगी में इंसान 20 किलो तक प्लास्टिक खा जाता है।

कैसे शरीर में जाता है प्लास्टिक?
अलजजिरा की एक रिपोर्ट में WWF इंटरनेशनल के हवाले से बताया गया है कि पीने के पानी से लेकर कई खाने वाली चीजों के जरिए भी प्लास्टिक हमारे शरीर में पहुंच जाता है। इससे आपकी सेहत पर गहरा असर पड़ता है और आपका पाचन तंत्र इससे प्रभावित होता है।

इंसान फैला रहा है प्लास्टिक का कचरा
दुनिया भर में एक तिहाई प्लास्टिक पैकेजिंग में इस्तेमाल किया जाता है। जर्मनी में हर व्यक्ति 38 किलो प्लास्टिक का कूड़ा पैदा करता है वहीं यूरोप में हर व्यक्ति 24 किलो तक प्लास्टिक कूड़ा पैदा करता है। इसके अलावा ये प्लास्टिक सालों तक गलता भी नहीं और ऐसा ही बना रहता है।

जानें कितने सालों में नष्ट होता है प्लास्टिक
कुछ रिपोर्ट्स में ये दावा किया गया है कि एक प्लास्टिक की बोतल को नष्ट होने में 100 से ज्यादा साल लग सकते है। जबकि प्लास्टिक बैग को नष्ट होने में तो 500 से भी ज्यादा साल लग सकते हैं। इसलिए आप सोच सकते हैं कि किस तरह प्लास्टिक हमारे पर्यावरण को नुकसान पंहुचा रहा है।

Related News