घर पर पार्टी हो या कुछ अच्छा खाने का करे मन, पनीर से बनी कई डिश सबसे पहले मेन्यू में शामिल की जाती हैं। पनीर वेजिटेरियन और नॉनवेजिटेरिन दोनों ही तरह के लोग खाना पसंद करते हैं। इसमें सिर्फ प्रोटीन ही नहीं बल्कि कैल्शियम, फॉस्फोरस, सेलेनियम, फाइबर और एंटी ऑक्सीडेंट के गुण पाए जाते हैं।

इसके अलावा पनीर का सेवन करने से हड्डियों को भी फायदा मिलता है। सेहत के लिए इतना फायदेमंद होने के बावजूद क्या आप जानते हैं जरूरत से ज्यादा पनीर खाने से फायदे की जगह नुकसान भी हो सकता है। आइए जानते हैं आखिर किन लोगों को पनीर का जरूरत से ज्यादा सेवन करने से बचना चाहिए।

पनीर खाने के साइड इफेक्ट्स-
दस्त की समस्या- पनीर प्रोटीन का अच्छा स्रोत है। लेकिन यही प्रोटीन शरीर में अधिक मात्रा में हो जाए तो व्यक्ति को दस्त की समस्या हो सकती है। पनीर का एक ही बार में अधिक सेवन करने से बचें।

ब्लड प्रेशर- अगर आप ब्लड प्रेशर के मरीज हैं तो आपको पनीर का सेवन नहीं करना चाहिए। यूं तो पनीर का सेवन सेहत के लिए अच्छा माना जाता है लेकिन इसका अधिक मात्रा में सेवन करने से यह ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकता है।

पाचन पर पड़ता है बुरा असर- अगर आपको पहले से ही पाचन, कब्ज, एसिडिटी से संबंधित कोई समस्या है तो रात को सोते समय पनीर का सेवन नहीं करें। इसके अलावा ज्यादा मात्रा में पनीर खाने से भी ऐसे लोगों को एसिडिटी और कई बार कब्ज की भी समस्या हो सकती है।

इन्फेक्शन- अक्सर कई लोगों को कच्चा पनीर खाना बेहद पसंद होता है। लेकिन आपको बता दें कि कच्चे पनीर का ज्यादा सेवन करने से इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है।

फूड पॉइजिनंग की समस्या- जिन लोगों को फूड पॉइजिनंग की समस्या हो जाती है वे भी पनीर का सेवन करने से बचें। पनीर में भरपूर मात्रा में प्रोटीन होता है जो समस्या को और बढ़ा सकता है।

दिल की बीमारी- पनीर में फैट की मात्रा अधिक होती है। ऐसे में इसका अधिक सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ सकती हैं। जिसके कारण आपको दिल संबंधी बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है।

एलर्जी- अगर आपको डेयरी प्रोडक्ट्स से एलर्जी हैं तो इसका सेवन थोड़ा संभलकर करे। इसके साथ ही खराब पनीर के कारण आपको स्किन एलर्जी हो सकती हैं। इसलिए सही जगह से पनीर खरीदें।

Related News