तिल की चटनी पहाड़ों में खूब बनाई जाती है। यह बेहद टेस्टी होती है। सबसे अच्छी बात यह है कि आप इसके साथ एक्सपेरिमेंट भी कर सकती हैं। आपने धनिया और पुदीने की चटनी तो जरूर खाई होगी। लेकिन क्या आपने कभी तिल की चटनी खाई है? शायद नहीं, तो आपको इस बार यह रेसिपी ट्राई करनी चाहिए। आप इस चटनी को पराठे से लेकर पकौड़े तक के साथ खा सकती हैं। यह चटनी खट्टी-मीठी होती है। इसलिए इसका स्वाद दोगुना होता है। आइए इस लेख के माध्यम से आपको बताते हैं कि तिल की चटनी बनाने के लिए आवश्यक सामग्री और इसे बनाने का आसान तरीका -

* तिल की चटनी बनाने के लिए आवश्यक सामग्री :

1. 6 बड़े चम्मच तिल

2. 1 मुट्ठी भर हरा धनिया

3. 4 हरी मिर्च

4. 6 लहसुन की कलियां

5. 6 बड़े चम्मच नींबू का रस

6. स्वादानुसार नमक

7. 1 छोटा चम्मच चीनी

* तिल की चटनी बनाने का आसान तरीका :

1. सबसे पहले लहसुन को छीलकर अलग रख दें। फिर धनिया के पत्ते और हरी मिर्च को धो लें।

2. अब एक पैन में तेल गर्म करने के लिए रख दें। जब तेल गर्म हो जाए, तब इसमें 6 चम्मच तिल डालें। और तिल को तब तक भूनते रहें, जब तक कि यह हल्के सुनहरे रंग के न हो जाए।

3. लगातार स्पैटुला से इन्हें हिलाते रहें। अन्यथा तिल जल जाएंगे। इस बात का भी खास ध्यान रखें कि तिल जलने नहीं चाहिए। वरना चटनी नहीं बन पाएगी।

4. अब मिक्सी में भुने हुए तिल, धनिया के पत्ते, हरी मिर्च और लहसुन की कलियां और ऊपर से नींबू का रस निचोड़ लें।

5. अब इसका गाढ़ा पेस्ट बना लें। जब यह अच्छे से पीस जाए तब इसमें स्वाद अनुसार नमक और चीनी डालें।

6. अब इसे दोबारा पीसें,ताकि सभी चीजें अच्छे से मिक्स हो जाएं।लीजिए तैयार है आपकी तिल की चटनी।

7. इसे आप दाल-चावल और पराठे के साथ सर्व कर सकती हैं।

Related News