दिवाली से दो दिन पहले धनतेरस का त्यौहार मनाया जाता है। इस दिन जमकर खरीदारी भी की जाती है। लोग धन्तेरसास पर कई तरह के उपकरण, सोना चांदी आदि खरीदते हैं। इस दिन अगर आप भी सोने से बनी ज्वेलरी खरीदने का मन ​बना रहे हैं, तो सोने से जुड़ी ये बेसिक बातें जरूर जान लें, ताकि किसी भी तरह के नुकसान से बच सकें।

सोने का भाव देखकर जाएं
कई बार लोग सोने का भाव चेक किए बिना खरीदारी करने पहुंच जाते हैं लेकिन अगर आप नुकसान से बचना चाहते हैं तो अखबार या इंटरनेट पर सोने के दाम देखकर जाएं।

24 ​कैरेट सोने से नहीं बनते गहने
ज्यादातर जगह पर 24 कैरेट गोल्ड का रेट लिखा होता है लेकिन आपको बता दें कि गहने 24 कैरेट गोल्ड से नहीं बनते हैं। आभूषण बनाने के लिए 22 कैरेट के सोने की जरूरत होती है। 22 कैरेट के सोने में 91.6 प्रतिशत गोल्ड होता है। वहीं अगर आप हीरे के आभूषण खरीद रहे हैं तो याद रखें कि ये हमेशा 18 कैरेट के सोने से बनते हैं।

हॉलमार्क से करें पहचान
ज्वेलरी खरीदने के साथ आपको हॉलमार्क की भी जांच कर लेनी चाहिए। इस से आपको पता चल जाएगा कि सोना कितने कैरेट का है। 999 नंबर वाली ज्वैलरी 24 कैरेट की होती है, 958 नंबर वाली 23 कैरेट की, 916 वाली 22 कैरेट, 875 वाली 21 कैरेट और 750 नंबर वाली 18 कैरेट, 585 नंबर वाली 14 कैरेट और 375 वाली 9 कैरेट ज्वेलरी होती है।

रसीद लेना ना भूलें
कई बार दूकानदार आभूषण की कच्ची रसीद दे देते हैं लेकिन गहने हमेशा पक्की रसीद के साथ ही खरीदें। इस रसीद में सोने कैरेट, मेकिंग चार्ज और हॉलमार्क का जिक्र जरूर किया होना चाहिए।

Related News