आपको जानकारी के लिए बता दें कि हिंदू धर्म में ​हर महीने शिवरात्रि होती है, लेकिन फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मनाई जाने वाली शिवरात्रि पूरे देश में महाशिवरात्रि के नाम से जानी जाती है। इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व 4 मार्च को मनाया जाएगा। बता दें कि साल 2019 में 4 मार्च को पड़ने वाली महाशिवरात्रि को दुर्लभ संयोग बन रहे हैं। इस बार महाशिवरात्रि सोमवार को पड़ रही है।

सोमवार का दिन भगवान शिव और उनकी जटाओं में विराजमान चंद्रमा को समर्पित है। इसके अलावा इस साल महाशिवरात्रि के मौके पर श्रेष्ठ श्रवण नक्षत्र का संयोग बन रहा है। इस नक्षत्र में भोलेनाथ की पूजा करना बहुत फलदायी माना जाता है। इसके अलावा इस बार महाशिवरात्रि के मौके पर सर्वार्थ सिद्धि योग बना है जो हर तरह के शुभ कर्मों को कामयाब बनाने वाला होता है।

मनोकामना पूर्ति के लिए भोलेनाथ को अर्पित करें ये चीजें: हिंदू धर्म में यह मान्यता प्रचलित है कि भोलेनाथ केवल एक लोटा जल से ही प्रसन्न हो जाते हैं। लेकिन कुछ ऐसी भी चीजें हैं, जो महादेव को बहुत प्रिय हैं। धन और सुख की चाह रखने वाले श्रद्धालु महाशिवरात्रि के दिन गन्ने के रस से भोलेनाथ का जलाभिषेक करें। पूजा के दौरान शिवभक्त शहद, दूध, भांग, धतूरा, दही, घी, बेलपत्र, दूध मिश्रित शक्कर, पंचामृत और गंगा जल का उपयोग करें।

इस विधि से करें महादेव की पूजा : सबसे पहले महादेव को पंचामृत से स्नान कराएं। इसके बाद 8 लोटा केसर मिश्रित जल अर्पित करें। पूरी रात दीपक जलाएं।

चंदन से तिलक कर, भगवान शिव को भांग-धतूरा,तीन बेलपत्र, जायफल, कमल गट्टे, मिठाई, फल, मीठा पान, इत्र और दक्षिणा चढ़ाएं। अंत में केसर युक्त खीर का भोग लगाकर प्रसाद वितरित करें।

Related News