गर्मी अभी शुरू हुई है और पहले ही पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है और कुछ जगहों पर 45 डिग्री सेल्सियस को भी छू रहा है। पारा बढ़ने के साथ ही चिलचिलाती धूप शरीर के लिए हानिकारक हो सकती है। यह हमारी ऊर्जा को खत्म करने के साथ साथ शरीर पर स्थायी हानिकारक दुष्प्रभाव भी छोड़ सकता है।

गर्मियों के दौरान खुद को हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी है क्योंकि डिहाइड्रेशन से अन्य बीमारियां हो सकती हैं। इसलिए जरूरी है कि हम गर्मी के मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतें। सही खान-पान से लेकर जीवनशैली में कुछ बदलाव करने तक, हम गर्मियों के खतरनाक प्रभावों को मात दे सकते हैं।

1. तरबूज

तरबूज, गर्मी में आने वाला एक फल है। चूंकि इसमें 91.45% पानी होता है, इसलिए यह आपके शरीर की पानी की आवश्यकता को पूरा करने में मदद करता है। इसके अलावा, एंटी-ऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर, तरबूज आपको कूलिंग इफेक्ट देता है,और तो और, यह खाने में बहुत रसदार और स्वादिष्ट होता है और ज्यादातर बच्चे इसे खाना पसंद करते हैं।

2. दही

दही न सिर्फ स्वादिष्ट और सेहतमंद खाना है बल्कि शरीर को ठंडक भी देता है। मसालेदार छाछ, या मीठी लस्सी तैयार करें। आप रायता भी बना सकते हैं और इसे अपने खाने के साथ भी खा सकते हैं।

3. नारियल पानी

नारियल पानी गर्मियों में सबसे अच्छा पेय है। नारियल पानी आवश्यक विटामिन, खनिज और अन्य पोषक तत्वों से भरा होता है। इसमें कूलिंग प्रॉपर्टीज होती हैं जो आपको गर्म मौसम से लड़ने में मदद करती हैं। अध्ययनों से यह भी पता चलता है कि नियमित रूप से नारियल पानी पीने से कई बीमारियों से बचाव होता है।

4. हरी पत्तेदार सब्जियां

साल भर अपने आहार में हरी पत्तेदार सब्जियों को शामिल करने से आपको कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। इन्हें अपने दैनिक आहार में शामिल करना भी फायदेमंद होता है क्योंकि हरी पत्तेदार सब्जियों में पानी की मात्रा अधिक होती है। इन सब्जियों को अधिक पकाने से बचें क्योंकि इससे उनमें पानी की मात्रा कम हो सकती है।

5. नींबू पानी

नींबू पानी, गर्मियों के लिए एक और ताज़ा पेय है। एक गिलास नींबू पानी कई स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है। आप इसका स्वाद बढ़ाने के लिए मीठा नींबू पानी ले सकते हैं, इसमें नमक, एक चुटकी जीरा पाउडर मिला सकते हैं। नींबू पानी आपको दिन भर ठंडा और तरोताजा रखता है।

Related News