इंटरनेट डेस्क| सोनू निगम बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री का बहुत बड़ा नाम है। उन्होंने अपनी आवाज के जादू से लाखों-करोड़ों लोगों को अपना दीवाना बनाया है। हिंदी फिल्म जगत में उनके गाये हुए गानों ने बहुत धूम मचाई है और सोनू ने इसके लिए कई अवार्ड भी जीते है। एक समय ऐसा था जब सोनू निगम का नाम बॉलीवुड सिंगिंग में टॉप पर था। हालाँकि सोनू निगम ने कई फिल्मों में एक्टिंग कर के और कई अन्य मुद्दों पर अपने विचार प्रकट कर के अपने फैंस को चौंकाया है।

अभी कुछ समय पहले ही 'अज़ान' विवाद में सोनू निगम का नाम खूब उछला था। दरअसल एक दिन सोनू निगम ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर लिखा था कि वे मुस्लिम नहीं है लेकिन फिर भी उन्हें सुबह अज़ान की आवाज के साथ उठना पड़ता है। भारत में यह जबरदस्ती की धार्मिकता कब खत्म होगी।

सोनू निगम का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर बहुत छाया था। जहां कुछ लोगों सोनू को इस मुद्दे पर समर्थन किया था वहीं कुछ लोगों ने उनकी आलोचना भी की थी। एक मुस्लिम धर्म गुरु ने तो सोनू के खिलाफ फतवा भी जारी कर दिया था जिसके बाद सोनू ने खुद अपने बाल कटवा लिए थे। इस विवाद के कारण सोनू कई टीवी स्टूडियो में होने वाली चर्चा का केंद्र बने थे। लेकिन यह पहली बार नहीं था जब सोनू निगम की किसी बात पर विवाद हुआ हो, सोनू निगम इस से पहले भी कई विवादों का हिस्सा रह चुके है।

सोनू निगम ने छोटे कपडे पहनने पर राधे मां की तुलना हिन्दू देवी काली माता से की थी जिसके लिए उनकी काफी आलोचना हुई थी और कई हिन्दू संगठनों ने उनके खिलाफ पुलिस केस भी दर्ज करवाया था।

इस मुद्दे पर सोनू ने ट्वीट किया था कि 'काली मां को तो राधे मां से भी कम कपड़ों में दिखाया गया है लेकिन यह बहुत रोचक है कि इस देश में लोग कपड़ों की वजह से एक महिला पर केस चलाना चाहते है।' इसके बाद सोनू ने एक और ट्वीट किया कि 'पुरुष साधु बिना कपड़ों के घूम सकते हैं, अजीब तरह डांस कर सकते हैं, लेकिन इसके बाद भी जबरदस्ती का आरोप लगने पर ही उन्हें सलाखों के पीछे डाला जा सकता है। क्या यही समानता है?'

दरअसल सोनू के इन ट्वीट्स से कुछ समय पहले ही राधे मां की मिनी स्कर्ट वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी और इस तस्वीर के आधार उनके खिलाफ केस भी दर्ज हुआ है जिसके बाद सोनू ने ये ट्वीट किये थे लेकिन कुछ संगठनों ने इन ट्वीट्स के लिए उनपर भी मुकदमा कर दिया।

Related News