जोधपुर के आलीशान उम्मेद भवन पैलेस में हुई प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की शादी देशभर में सुर्खियों में बनी रही। लेकिन इस शादी से जुड़ा एक विवाद भी कम चर्चा में नहीं है। जी हां, आपको जानकारी के लिए बता दें कि निरीह और बेजुबान जानवरों को बचाने के लिए प्रयासरत एक संस्था पेटा ने प्रियंका और निक पर शादी के दौरान इस्तेमाल किए गए हाथी-घोड़े के साथ क्रूरता करने का आरोप लगाया है।

सोमवार को पेटा इंडिया ने ट्वीट किया था कि डियर प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस, आजकल लोग शादियों में हाथी की सवारी और घोड़े का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। बधाई हो, लेकिन हमें इस बात का बहुत दुख है कि यह उन जानवरों के लिए खुशी का दिन नहीं था। बता दें कि निक जोनास 2 दिसंबर को हाथी और घोड़ी की सवारी करके बारात लेकर पहुंचे थे।

अब सवाल यह उठता है कि क्या बॉलीवुड सेलेब्रिटीज का जानवर प्रेम महज एक दिखावा है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि हॉलीवुड के साथ बॉलीवुड भी पेटा यानि पीपल फॉर इथीकल ट्रीटमेंट ऑफ एनीमल्स से जुड़ा हुआ है।

बॉलीवुड कलाकार गुलशन ग्रोवर भी पेटा से सक्रिय रूप से जुड़े हैं। यहां तक कि अमिताभ बच्चन की बहू ऐश्वर्या राय से लेकर राखी सावंत तक कई बॉलीवुड हस्तियां पेटा के जागरूकता अभियान से जुड़ी रही हैं। पेटा के समर्थन में अभी तक किसी भी बॉलीवुड सेलेब्रिटीज का बयान सामने नहीं आया है। हांलाकि प्रियंका चोपड़ा और निक की शादी में बॉलीवुड की तमाम हस्तियां जुटी हुई थीं। ऐसे में बॉलीवुड सेलेब्रिटीज प्रियंका चोपड़ा के विरूद्ध पेटा का यह गंभीर आरोप वास्तव में एक सवालिया निशान खड़ा करता है।

कुछ लोगों को प्रियंका और निक जोनास की शादी में की गई आतिशबाजी भी पसंद नहीं आई। एक यूजर ने लिखा कि सेलेब्स दिवाली पर पटाखे नहीं जलाने की बात करते हैं, और अपने ही फंक्शन में खुद का दिया ज्ञान भूल जाते हैं। दूसरे यूजर ने लिखा कि प्रियंका देश की राजधानी​ दिल्ली में मास्क लगाकर घूमती हैं, जबकि खुद की शादी में पटाखे जलाकर प्रदूषण बढ़ा रही है।

Related News