इंटरनेट डेस्क| बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार आज 81वां जन्मदिन मना रहे है। 24 जुलाई 1937 में एबटाबाद (अब पाकिस्तान) में जन्मे मनोज ने अपने करियर में कई हिट फिल्मे दी। मनोज बॉलीवुड के ऐसे अभिनेता रहे है जिन्होंने अपने अभिनय के साथ-साथ सौम्यता से दुनिया भर में कभी न मिटने वाली छाप बनाई है। उन्हें हिंदी सिनेमा का 'भारत' भी कहा जाता है क्योंकि मनोज कुमार ने अधिकतर फिल्मों में 'भारत' नाम का किरदार निभाया है। तो चलिए जानते है मनोज कुमार के जन्मदिन पर उनकी कुछ अनसुनी बातें -

1. साल 1947 में जब हिन्दुस्तान और पाकिस्तान दो देश बना तो उन दिनों मनोज कुमार का परिवार एबटाबाद छोड़कर दिल्ली में आ गया था। तब मनोज कुमार महज 10 साल के थे।

2. उन्होंने दिल्ली में ही पढ़ाई की इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के ‘हिंदू कॉलेज’ से अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की. ग्रेजुएशन के बाद मनोज कुमार ने फिल्म इंडस्ट्री में जाने का मन बना लिया।

3. साल 1957 में आई फिल्म ‘फैशन’ मनोज कुमार की पहली फिल्म थी। इस फिल्म में उन्हें एक भिखारी का रोल मिला था जो काफी छोटा था।

4. इसके करीब तीन साल बाद साल 1960 में उनकी फिल्म ‘कांच की गुड़िया’ रिलीज हुई। इस फिल्म में मनोज कुमार ने लीड रोल निभाया था।

5. इसके बाद मनोज हिंदी सिनेमा में छा गए। 1960 के दशक में उनकी रोमांटिक फ़िल्मों में हरियाली और रास्ता, दो बदन, हनीमून, अपना बना के देखो, नकली नवाब, पत्थर के सनम, साजन, सावन की घटा जैसी फिल्में रिलीज हुई। साथ ही उन्होंने अपने हुए पराये, पहचान, आदमी, शादी, गृहस्थी और गुमनाम, वो कौन थी? जैसी सामाजिक मुद्दों पर बनी फिल्मों में भी काम किया।

6. वैसे मनोज को देशभक्ति फिल्मो के लिए जाना जाता है, उन्होंने शहीद, उपकार, पूरब और पश्चिम, क्रांति जैसी हिट फिल्मे दी।

7. मनोज कुमार की लाइफ में अभिताभ बच्चन से जुड़ा भी एक अहम वाक्या है। कहा जाता है कि जब अमिताभ बच्चन की फिल्मे लगातार फ्लॉप हो रही थी जब परेशान होकर अपने मां-बाप के पास दिल्ली वापस जा रहे थे तो मनोज कुमार ने उन्हें रोका और अपनी फ़िल्म 'रोटी, कपड़ा और मकान' में मौका दिया। मनोज कुमार को ये भी पता था कि अमिताभ बहुत दूर तक जायेंगे।

8. मनोज कुमार के दमदार अभिनय को देखते हुए और फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान की सराहना करते हुए अभी तक उन्हे दादा साहब फाल्के, पद्मश्री, फिल्मफेयर लाइफ टाइम अचीवमेंट जैसे अवार्ड्स से सम्मानित किया जा चुका है।

Related News