GaN Charger- क्या हैं GaN Charger, जानें नॉर्मल चार्जर के मुकाबले क्या मिलता है एक्स्ट्रा फायदा
दोस्तो आज के आधुनिक युग में स्मार्टफोन हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन गए हैं, जो विभिन्न प्रकार के कार्यों में यूज होते हैं, ऐसे में बात करें कंपनियों की तो नए फोन के बॉक्स में चार्जर नहीं देती हैं। ऐसे में ग्राहकों को अलग से चार्जर खरीदना पड़ता है। बाजार में सामान्य चार्जर के साथ अब GaN Charger भी काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर GaN चार्जर क्या है, आइए जानते हैं इसके बारे में-
दरअसल, GaN चार्जर केवल आकार में छोटा नहीं होता, बल्कि इसमें आधुनिक सेमीकंडक्टर तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। इसकी मदद से कम जगह में ज्यादा पावर दी जा सकती है और ऊर्जा की बर्बादी भी कम होती है।

क्या है GaN Charger Technology?
सामान्य चार्जर में बिजली को नियंत्रित करने के लिए सिलिकॉन आधारित सेमीकंडक्टर का इस्तेमाल किया जाता है। ज्यादा पावर देने पर ऐसे चार्जर में गर्मी बढ़ सकती है और बड़े इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की जरूरत पड़ती है।
वहीं, GaN का पूरा नाम Gallium Nitride है। यह एक आधुनिक सेमीकंडक्टर मटेरियल है, जो सिलिकॉन की तुलना में ज्यादा वोल्टेज और पावर को बेहतर तरीके से संभाल सकता है। इससे बिजली का प्रवाह तेज होता है और ऊर्जा की हानि कम हो सकती है।
GaN Charger के क्या हैं फायदे?
1. छोटा और हल्का डिजाइन
GaN चार्जर का सबसे बड़ा फायदा इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन है। उदाहरण के लिए, 65W या 100W का GaN चार्जर भी आकार में काफी छोटा हो सकता है। इसे आसानी से बैग या जेब में रखा जा सकता है।

2. कम गर्मी और बेहतर एफिशिएंसी
GaN तकनीक बिजली की ऊर्जा को कम नुकसान के साथ ट्रांसफर करने में मदद करती है। इससे चार्जिंग के दौरान गर्मी कम हो सकती है और चार्जर अधिक कुशलता से काम कर सकता है।
3. एक चार्जर से कई डिवाइस चार्ज
कई GaN चार्जर में दो या तीन USB Type-C और USB Type-A पोर्ट मिलते हैं। इससे स्मार्टफोन, लैपटॉप, स्मार्टवॉच और ईयरबड्स जैसे डिवाइस एक ही चार्जर से चार्ज किए जा सकते हैं।
कौन सा चार्जर खरीदना बेहतर है?
अच्छी क्वालिटी के GaN चार्जर में ओवरवोल्टेज, शॉर्ट सर्किट और ओवरहीटिंग से बचाने के लिए सुरक्षा फीचर्स दिए जाते हैं। ये चार्जर कनेक्टेड डिवाइस की जरूरत के अनुसार पावर सप्लाई करते हैं। उदाहरण के लिए, 100W चार्जर लगाने पर भी ब्लूटूथ ईयरफोन उतनी ही बिजली लेगा, जितनी उसे जरूरत है।
