Rajasthan Weather: कहीं बारिश तो कहीं आग; जानें राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में मौसम का हाल कुछ अलग है क्योकिं मौसम दो अलग अलग भागों में बटा हुआ है। एक ओर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश और प्री-मानसून के कारण राहत है। वहीं दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अभी भी भीषण गर्मी का दौर है। मंगलवार के दिन की के मौसम की बात करें तो 7 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 5 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है।

गंगानगर सिर्फ राजस्थान नहीं देश का सबसे गर्म शहर

सोमवार को प्री-मानसून गतिविधियों के बावजूद तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। श्रीगंगानगर 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राजस्थान ही नहीं बल्कि देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर और चूरू में भी पारा 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

राजधानी जयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं कोटा, उदयपुर और सीकर में भी पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया।  

अलवर में शाम को हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।  

मौसम विभाग के अनुसार  जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले दो-तीन दिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है।  

11 जून से फिर आंधी-बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में एक बार फिर आंधी, बारिश और बादल छाने की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।