PM Modi: पीएम मोदी ने की बालेन शाह से फोन पर बात, हर संभव मानवीय और राहत सहायता देने का दिया आश्वासन
इंटरनेट डेस्क। नेपाल में तिब्बत की ओर से भयंकर बाढ़ और उसके बाद हुई तबाही के बाद भारत ने सबसे पहले मदद का हाथ बढ़ाया है। रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ से सैकड़ों पर्यटक लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में भारतीय और प्रवासी भारतीय शामिल हैं। ये ज्यादातर कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर निकले थे।
पीएम मोदी ने की बात
हालात की गंभीरता को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन शाह से बात की और हर संभव मानवीय व राहत सहायता का आश्वासन दिया। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने दो आपातकालीन नंबरों ( 977 985 131 6807 और 977 970 910 7500)की घोषणा की है ताकि प्रभावित भारतीयों के परिजनों तक जानकारी पहुंचाई जा सके।
384 पर्यटक लापता- नेपाल पर्यटन बोर्ड
नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार कुल 384 पर्यटक लापता हैं। इनमें 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। बोर्ड ने बताया कि 105 भारतीय लापता हैं। इसके अलावा 37 प्रवासी भारतीय भी लापता लोगों में शामिल है। जबकि 111 पर्यटकों की राष्ट्रीयता अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। इनमें से भी अधिकांश के भारतीय होने की संभावना है। इन सभी लापता पर्यटकों ने नेपाल की विभिन्न पर्यटन एजेंसियों के माध्यम से कैलाश-मानसरोवर यात्रा की बुकिंग कराई थी।
पीएम मोदी ने बालेन शाह से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से फोन पर बात की और बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने हर संभव मानवीय और राहत सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के बीच तत्काल बैठक हुई।
pc- network10
